रामगढ़। रामगढ़ के भुरकुंडा स्थित श्री अग्रसेन स्कूल में मंगलवार को फेस्टिव महोत्सव का आयोजन किया गया। इस महोत्सव में बच्चों ने दीपावली, चित्रगुप्त पूजा, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, लक्ष्मी पूजा, काली पूजा, छठ आदि त्योहारों की आकर्षक झांकी निकालकर पूरे माहौल को त्योहारों के रंग से सराबोर कर दिया।
बच्चों ने सभी त्योहारों को मनाने के पीछे छिपे संदेश को भी बताया। वनवास के बाद प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की अयोध्या वापसी पर अयोध्या में मने भव्य उत्सव की भी झांकी निकाली। राम दरबार भी सजाया गया। अयोध्या वापसी से पहले प्रभु श्रीराम के हाथों रावण वध और मृत्यु से पूर्व रावण की ओर से लक्ष्मण को दी गई शिक्षा का नाट्य मंचन किया गया।
झांकी के दौरान पारंपरिक गीत और मंत्रोच्चार से पूरा माहौल रमा रहा। महोत्सव के अंत में बच्चों ने हाथों में तिरंगा थामे जय हो गीत पर आकर्षक प्रस्तुति दी। दीपावली के मौके पर घरौंदा बनाकर उसमें दीप प्रजवलित किया गया। साथ ही आकर्षक रंगोली सजाई गई। स्कूल के छोटे बच्चों ने इस आयोजन में ऑनलाइन हिस्सा लिया। बच्चों ने दीया मेकिंग, ग्रीटिंग मेकिंग, पपेट, फैंसी ड्रेस आदि प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। विभिन्न देवी-देवताओं का रूप धर बच्चों ने सभी का मन मोह लिया।