प्रशांत अंबष्ठ
बोकारो। गोमिया प्रखंड के अति उग्रवाद प्रभावित तिलैया पंचायत भवन में आपके अधिकार आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को किया गया। बतौर मुख्य अतिथि गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो उपस्थित हुए। इस दौरान कई लाभुकों को उन्होंने ऑन द स्पॉट योजना का लाभ दिलाया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीण अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे। लोगों को विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिया गया। जनता दरबार में ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।
विधायक ने कहा कि आज जिस प्रकार से इस कार्यक्रम में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर आ रहे हैं, उनका पहले ही समाधान कर दिया जाना चाहिए था। वर्तमान समय में लोग अपनी समस्याओं को लेकर आ रहे हैं, जिसे पूरी तत्परता के साथ समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों से मिलकर सभी लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
बीडीओ कपिल कुमार ने कार्यक्रम में दूर दराज से आये ग्रामीणों और जरूरतमंद लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। त्वरित समस्याओं का समाधान किया। इसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धा पेंशन, श्रम कार्ड, हरा कार्ड, आगंनबाड़ी, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, दिव्यांग पेंशन, दाखिल खारिज, दुर्घटना बीमा, छात्रवृति आदि समस्याओं का समाधान किया गया। सीओ सदीप अनुराग टोपनो ने भूमि से सबंधित समस्याओं का समाधान किया। योजनाओं के बारे मे जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंप में बचे हुए लोगों को टीका दिया गया।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि ओम प्रकाश सहगल, डॉ सुरेश प्रसाद, संध्या कुमारी, एलएस जगेश्वर, थाना प्रभारी कन्हैया राम, सहायक आरक्षी निरीक्षक विरेन्द्र उरांव, पंचायत के मुखिया बालेश्वर महतो, अंकेशवर महतो, पसस बसंती देवी, सीआइ लालमोहन दास, प्रफुल महतो, सुखराम हांसदा, जानकी प्रसाद कुशवाहा, अजय कुमार, रोजगार सेवक हेमत कुमार पाल, सेविका गीता देवी, निशु एक्का, चंदा देवी, रीला देवी, रोहित कुमार, मुरली रविदास, कुलदीप कुमार महतो, कामदेव महतो, सत्येन्द्र महतो, गोपाल महतो, रति राम माझी, चंदन उरांव, कैलाश महतो, सुनील राम सहित सैकड़ों ग्रामीण, महिला व पुरूष उपस्थित थे।