कुख्यात गैंगस्टर डब्लू सिंह पर पांच लाख रुपए का इनाम होगा घोषित, पलामू पुलिस ने भेजा प्रस्ताव

झारखंड
Spread the love

पलामू। कुख्यात गैंगस्टर डब्लू सिंह पर पांच लाख रुपए इनाम घोषित किया जाएगा। पलामू पुलिस ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर झारखंड पुलिस मुख्यालय को भेजा है। गौतम कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह पर पलामू के विभिन्न थानों में 40 के करीब आपराधिक मामले दर्ज हैं। पलामू पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए काफी दिनों से प्रयास कर रही है।

पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि डब्लू सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पुलिस मुख्यालय को पांच लाख इनाम का प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने आम लोगों से गिरफ्तारी में सहयोग करने की अपील की है। पलामू पुलिस ने पिछले एक महीने से डब्लू सिंह गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उसके 22 से अधिक नामजद सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं गिरोह के संरक्षकों को जेल भेजा गया है।

पलामू में गौतम कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह दो दशक से आपराधिक गतिविधि में सक्रिय है। डब्लू सिंह पर कुख्यात डॉन कुणाल सिंह की हत्या का भी आरोप है। इसी मामले में पुलिस डब्लू सिंह को तलाश रही है और कई इलाकों में छापेमारी कर रही है। वर्ष 2016 में पलामू व्यवहार न्यायालय के अष्टम जज उत्तम आनंद के कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।

जज उत्तम आनंद अब इस दुनिया में नहीं है। परिजनों के मुताबिक उनकी हत्या की गई है, जिसकी जांच सीबीआई कर रही है। ठेकेदार श्याम बिहारी सिंह हत्याकांड मामले में कोर्ट ने डब्लू सिंह को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। डब्लू सिंह कोर्ट से फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर है।