सारंडा जंगल में नक्सली करमचंद संभालता था किशन दा की सुरक्षा की जिम्मेदारी, पांच किमी तक बिछा होता था लैंडमाइंस

झारखंड
Spread the love

सरायकेला-खरसावां। कांड्रा से गिरफ्तार नक्सली संगठन माओवादी पोलित ब्यूरो व केंद्रीय कमेटी के सदस्य किशन दा उर्फ प्रशांत बोस न सिर्फ संगठन के थिंक टैंक माने जाते हैं, बल्कि उनकी पत्नी शीला मरांडी भी संगठन के केंद्रीय कमेटी की सदस्य हैं। ऐसे में दोनों की गिरफ्तारी से संगठन को बड़ा झटका लगा है।

कहा जाता है कि किशन दा उर्फ प्रशांत बोस लंबे समय से बीमार चल रहा है। काफी बुजुर्ग हो जाने के कारण संगठन के लोग डोली या अन्य कुर्सी पर बैठाकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाते थे। इस संगठन को खड़ा करने में उसने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उस समय से अब तक नक्सलवाद की लड़ाई में शामिल था। बाद के दिनों में उसे एक जगह से दूसरी जगह पर लाने व ले जाने के लिए संगठन के लोग पालकी का उपयोग करते थे।

किशन दा जहां रहता था, संगठन के लोग वहां से पांच किमी दूर तक लैंडमाइंस का जाल बिछा दिया करते थे। उसकी सुरक्षा की अधिकतर जिम्मेदारी कर्मचंद हांसदा उर्फ चमन उर्फ लंबू ने थाम रखी थी। किशन दा उर्फ प्रशांत बोस करीब पांच दशक से झारखंड, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा व बिहार सहित अन्य राज्यों में भी संगठन का विस्तार करता रहा। साथ ही पुलिस बलों पर बड़े हमले में भी वह शामिल रहा है।

इसके अलावा अन्य कई अमानवीय घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता रही है। संगठन के लोगों ने उसे पिछले करीब एक दशक से स्थान बदल-बदल कर पश्चिम सिंहभूम जिले के सबसे सुरक्षित स्थान कहे जाने वाले सारंडा, पोड़ाहाट व कोल्हान के जंगलों में सुरक्षित ठिकाने पर रखा था। सारंडा में किशन दा उर्फ प्रशांत बोस की सुरक्षा की जिम्मेदारी कुख्यात नक्सली चमन उर्फ लंबू उर्फ करमचंद के हाथों में थी। इसी बीच किशन दा की पत्नी शीला मरांडी को भी करीब 15 साल पूर्व पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार किया था।

इधर राज्य सरकार ने किशन दा उर्फ प्रशांत बोस के अलावा केंद्रीय कमेटी के सदस्य मिसिर बेसरा व अनल दा उर्फ पतिराम मांझी पर एक-एक करोड़ का इनाम घोषित कर रखा है, जबकि चमन उर्फ कर्मचंद हांसदा पर 25 लाख का इनाम घोषित किया गया है। सारंडा व कोल्हान के रिजर्व वन क्षेत्र के जंगल में अप्रैल 2018 में किशन दा उर्फ प्रशांत बोस समेत कई बड़े नक्सलियों को घेरने के लिए सुरक्षा बल व जिला पुलिस की टीम ने बड़ा ऑपरेशन चलाया था। उस दौरान सुरक्षा बलों व नक्सलियों के बीच गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बोरोई पहाड़ी पर आमने-सामने घंटों मुठभेड़ चली थी। पुलिस व सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख किशन दा उर्फ प्रशांत बोस व कई बड़े नक्सली अपना स्थायी कैंप छोड़ भाग निकले थे।

इस मुठभेड़ में पोलित ब्यूरो एवं केंद्रीय कमेटी के सदस्य प्रशांत बोस उर्फ किशन दा, मिसिर बेसरा उर्फ सुनिर्मल उर्फ भास्कर, सुधाकरण, विवेक दा, अनल दा, मोछू, चमन, जीवन कंडुलना, महाराज प्रमाणिक, संदीप यादव, कांडे, सुरेश मुंडा, अमित मुंडा, सलुका कायम समेत करीब 100 महिला व पुरुष नक्सली शामिल थे। इन नक्सलियों के खिलाफ गोइलकेरा थाने में पुलिस दल पर हत्या की नीयत से अत्याधुनिक हथियार से गोली, बम, लैंडमाइंस विस्फोट कर जवानों को घायल करने, सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने, पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा करने, लेवी लेने, देश व राज्य विरोधी नारे लगाने, देश का कानून नहीं मानने सहित कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

प्राथमिकी में यह भी कहा गया था कि संगठन के लोग नक्सली किशन दा को मुठभेड़ स्थल से सुरक्षित निकालने में कामयाब रहे। प्राथमिकी के अनुसार कोबरा 203 बटालियन की चार टीम 13 अप्रैल को गोइलकेरा पहुंची थी, जहां से पूर्व निर्धारित लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए रात करीब दो बजे आराहासा पहुंची। यहां से कोबरा की चार टीमों को दो ग्रुप में बांट अलग-अलग दिशा में लक्ष्य की ओर बढ़े। वहीं 14 अप्रैल को बोरोई गांव के समीप दिनभर जंगल में सर्च अभियान चलाया जाता रहा व रात होने पर चारों टीम बोरोई जंगल में ही लूप लेकर बैठ गई। उसके बाद 15 अप्रैल की सुबह करीब 6 बजे चारों टीम बोरोई की पहाड़ी पर सर्च कर आगे बढ़ ही रही थी कि सामने की पहाड़ी से नक्सली अंधाधुंध फायर व आईडी विस्फोट करने लगे। वे अपने साथियों को बोल रहे थे कि सारा हथियार लूट लो।

पुलिस ने भी आत्मरक्षा के लिए गोली व मोर्टार से हमला किया जिससे घबराकर नक्सली पीछे हटे तथा शाम पांच बजे गोलीबारी बंद होने के बाद नक्सलियों की घेराबंदी कर बोरोई पहाड़ पर रात में लूप लिया गया व उच्चाधिकारियों से और पुलिस बल की मांग की गई। 16 अप्रैल को कोबरा 209 बटालियन की दो और टीम पहुंची व सभी जवानों के साथ बढ़ते हुए नक्सलियों की स्थायी कैंप की तरफ बढ़ रहे थे कि अचानक नक्सली मिसिर बेसरा ने अपने साथियों से पुलिस को आगे बढ़ने नहीं देने की आवाज लगाई।

उसी समय मिसिर बेसरा व सुधाकरन ने जीवन कंडुलना तथा महाराज प्रमाणिक को आवाज लगाकर गोली चलाने व आइडी ब्लास्ट करने को कहा। उसके तुरंत बाद नक्सलियों ने एक शक्तिशाली आईडी ब्लास्ट कर दिया। इस पर जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी फायरिंग कर मोर्टार और एचई बम दागे।

इसपर नक्सलियों को कैंप छोड़कर भागना पड़ा था। वहां से करीब 100 आईडी बम खोज निकालने के बाद नष्ट किया गया। साथ ही कैंप से भारी मात्रा में सामान भी बरामद किया गए थे।