बिहार के खगड़िया में यात्रियों से भरी नाव गंगा में पलटी, पांच लोगों की मौत, अभी भी कई लापता

बिहार
Spread the love

खगड़िया। दुखद खबर बिहार के खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के नयागांव से आ रही है। यहां सीढ़ी घाट पर गंगा की उपधारा में लोगों से भरी एक नाव पलट गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कुछ लोगों को बचाया गया। अबतक पांच लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। वहीं कई लोग अब भी लापता हैं।

नाव पर करीब 30 से 40 की संख्या में लोग मौजूद थे। सभी दियार से खेती का काम निपटाकर शाम में अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नाव पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही डीएम डॉ. आलोक रंजन घोष, गोगरी एसडीओ अमन कुमार सुमन, सीओ अशु प्रसून, थानाध्यक्ष संजय कुमार विश्वास एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

हर दिन की तरह मंगलवार को भी ग्रामीण नयागांव दियारा से मजदूरी और अपने खेतीबाड़ी का काम निपटाकर नाव से लौट रहे थे। नाव में क्षमता से ज्यादा लोग बैठ गये थे। जिसके कारण बीच नदी में जाते ही वह अपना संतुलन खो बैठी और पलट गई। नाव पलटने की सूचना मिलते ही गांव में हाहाकार मच गया।

अधिकांश लोग तैरकर और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बाहर निकल गये। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। लापता लोगों की संख्या फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पा रही है। एसडीआरएफ की टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी है।