प्रशांत अंबष्ठ
गोमिया (बोकारो)। काफी दिनों के सन्नाटे और शांति के बाद बेरमो अनुमंडल के चतरो चट्टी और जागेश्वर थाना क्षेत्र में एक बार फिर नक्सलियों की चहलकदमी शुरू हो गई है। बताया जाता है कि 15 सदस्यीय नक्सलियों का दस्ता गुरुवार की सुबह 4 बजे सिमरा बेड़ा और चिलगों के आसपास देखा गया। इससे पूर्व नक्सलियों का एक दस्ता विगत कई दिनों से झुमरा के आसपास के इलाकों में विचरण कर रहा है। इसका नेतृत्व कारु यादव कर रहा है। इस दस्ते में 12 से 14 सदस्य बताये जाते हैं।
बता दे कि लातेहार के सतैया जंगल में मंगलवार को हुई मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार के शहीद होने के बाद पुलिस ने वहां सक्रियता बढ़ा दी है। सर्च अभियान तेज कर दिया है। पुलिस की सख्ती बढ़ाने से आसपास के जंगलों में छिपे माओवादियों को अन्य स्थानों पर जाकर शरण लेना पड़ रहा है। इस क्रम में झुमरा के तलहटी गांव में भी माओवादियों का दस्ता पहुंचकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा है।
जानकारों की माने तो बरसात का मौसम होने की वजह से नदियों में तेज बहाव है। रास्ते में फिसलन होने की वजह से पुलिस का अभियान इस क्षेत्र में सुस्त पड़ा गया है। इसका फायदा उठाकर नक्सली संगठनों के नेता इस क्षेत्र को अपना सेफ जोन बनाकर चहल कदमी कर रहे हैं। इस संबंध में चतरो चट्टी के थाना प्रभारी विवेक तिवारी ने कहा कि भारी बारिश से थाना क्षेत्र में जनजीवन अस्त व्यस्त है। और नदियों में पानी का तेज बहाव है। मोबाइल टावर भी ठीक से काम नहीं कर रहा है। इसकी वजह से अभी कोई भी पुख्ता जानकारी नहीं है।