भारतीय पोशाक साड़ी में पेशेवर टेनिस खेलने वाली इस महिला को जानें

देश मुंबई
Spread the love

मुंबई। भला साड़ी में पेशेवर टेनिस खेला जा सकता है। आपका जवाब शायद असंभव होगा। हालांकि इस असंभव को इस महिला ने संभव बना दिया। उन्‍होंने पारंपरिक भारतीय पोशाक साड़ी में पेशेवर टेनिस खेला था। ऐसा करने वाली वह एकमात्र महिला थी। उसका नाम लेडी मेहरबाई टाटा है।

मुंबई में 10 अक्टूबर, 1879 को जन्मी लेडी मेहरबाई टाटा को साहित्य और पियानो का शौक था। उन्हें ’मेहरी’ के नाम से भी जाना जाता है। वह एकमात्र महिला है, जिन्होंने पारंपरिक भारतीय पोशाक साड़ी में पेशेवर टेनिस खेला था। मैसूर राज्य के तत्कालीन इंस्पेक्टर-जेनेरल ऑफ एजुकेशन एच जे भाभा की बेटी लेडी मेहरबाई का विवाह 14 फरवरी, 1898 को सर दोराबजी टाटा से हुआ था।

खेलों से विशेष लगाव रखने वाली लेडी मेहरबाई वेस्टर्न इंडिया टेनिस टूर्नामेंट में ट्रिपल क्राउन की विजेता थीं। वे अपनी मोटर कार खुद चलाती थीं। 38 साल की उम्र में लेडी मेहरबाई ने फिजी द्वीप समूह जैसे ब्रिटिश उपनिवेशों में भारतीय मूल के मजदूरों के प्रति अनुचित व्यवहार का विरोध करने के लिए तत्कालीन वायसराय से मिलने गये एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। वह बॉम्बे प्रेसीडेंसी वीमेंस काउंसिल और नेशनल कांउसिल ऑफ वीमेन के संस्थापकों में से एक थी। बाल विवाह को गैरकानूनी बनाने के लिए बनाए गए सारदा अधिनियम पर भी उनसे सलाह ली गई थी।

लेडी मेहरबाई करीब 50 साल की उम्र में ल्यूकेमिया का शिकार हो गई। एक साल के भीतर 18 जून, 1931 को रूथिन, नॉर्थ वेल्स में उनका निधन हो गया। कैंसर के उपचार और अनुसंधान के लिए भारत का पहला और अग्रणी अस्पताल ‘टाटा मेमोरियल हॉस्पीटल’ उनके सम्मान में स्थापित किया गया है। टाटा स्‍टील ने उनकी 142वीं जंयती पर उन्‍हें नमन किया है।