बोकारो (झारखंड)। बोकारो-गिरिडीह जिले की सीमा पर केन बम मिला है। इसे पुलिया के नीचे रखा गया था। सूचना मिलने के बाद बोकारो से बम निरोधक दस्ता डॉग स्क्वायड सहित पुलिस प्रशासन पहुंचे। पेट्रोलिंग पार्टी को नुकसान पहुंचाने के लिए बम वहां रखे जाने की सूचना है।
जानकारी के मुताबिक झारखंड के बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र की पोटसो पंचायत अंतर्गत गोरमोरा गांव की यह घटना है। यहां आरईओ रोड गोरमारा में एक पुलिया के नीचे केन बम मिला है। यह इलाका बोकारो और गिरिडीह जिला के बॉर्डर पर है। इस संबंध में नावाडीह थाना प्रभारी कलीम अख्तर के अनुसार इस बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसके आलोक में जांच की गयी। जांच में पुलिया के नीचे केन बम मिला है।
जानकारी के अनुसार नावाडीह थाना क्षेत्र के पोटसो पंचायत अंतर्गत गोरमोरा गांव के निकट एक पुलिया के नीचे केन बम देखा गया। बम देखे जाने की सूचना तुरंत नावाडीह पुलिस को दी गयी। इसी पुलिया से होकर नावाडीह, डुमरी और विष्णुगढ़ जाने का मार्ग है। बताया जाता है कि माओवादियों ने पेट्रोलिंग पार्टी को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से केन बम रखा था। पुलिस के सक्रिय हो जाने के बाद उनके मंसूबे पर पानी फिर गया।