मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला ट्रैफिक सिपाही की स्कॉर्पियो के धक्के से मौत

अपराध बिहार
Spread the love

दुखद खबर राजधानी पटना के एसकेपुरी थाना क्षेत्र से आयी है। यहां बांकीपुर-दीघा रोड पर सुबह 5:15 बजे स्कूटी से जा रही एक महिला ट्रैफिक सिपाही को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने रौंद दिया। स्कॉर्पियो की टक्कर से महिला ट्रैफिक सिपाही प्रियंका गंभीर रूप से जख्मी हो गयी, जिसे लोगों ने उदयन हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।

24 वर्षीया प्रियंका पूर्णिया के गड़बरैली की रहने वाली थी। 2018 में ट्रैफिक पुलिस में भर्ती हुई थी। वर्तमान में वह राजापुर पुल के पास किराये के मकान में रहती थी। पिछले कुछ समय से उसकी तैनाती कारगिल चौक स्थित ट्रैफिक पोस्ट पर थी। ससुराल वाले प्रियंका के शव को वैशाली अपने गांव लेकर चले गये, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका की शादी इसी साल सात जुलाई को हुई थी। वैशाली जिले के महुआ अनुमंडल के राजापाकर स्थित नारायणपुर के इंजीनियर स्नेहम सागर से हुई थी।

प्रियंका के पिता श्याम नारायण सिंह किसान हैं। इकलौता भाई राजकिशोर पूर्णिया में एचडीएफसी बैंक में कार्यरत है। वहीं प्रियंका तीन बहनों में मंझली थी। इधर पोस्टमार्टम के बाद ट्रैफिक महिला सिपाही के पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन लाया गया, जहां उसे सलामी देकर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी गयी।