वृद्ध महिला को एक मिनट में दो बार लगा दी वैक्सीन, मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश
Spread the love

जालौन। यूपी के जालौन में एक वृद्ध महिला को एक मिनट के भीतर दो बार वैक्सीनेट कर दिया गया। मिनट भर के भीतर दो बार वैक्सीन लगा देने की जानकारी जैसे ही स्वास्थ्य विभाग को हुई, उसके कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में वृर्द्ध महिला भगवती देवी को डॉक्टरों ने अपने ऑब्जर्वेशन में ले लिया।

फिलहाल वृद्ध महिला का स्वास्थ्य ठीक है। पूरा मामला जालौन के रामपुरा थाना क्षेत्र के जायधा ग्राम का है। यहां स्वास्थ्यकर्मियों ने घोर लापरवाही बरती है। यहां भगवती देवी 63 कोरोनारोधी वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाने के लिए टीकाकरण केंद्र पर आई थीं। उन्होंने अपने पहले डोज का कार्ड दिखाने के बाद दूसरा डोज लिया और स्टाफ से दूसरे डोज का सर्टिफिकेट मांगा। तो स्टाफ ने उन्हें सर्टिफिकेट के लिए दूसरे काउंटर पर भेज दिया। जहां भगवती देवी को सर्टिफिकेट देने से पहले स्टाफ ने बिना पूछताछ किए दूसरे डोज की वैक्सीन दोबारा लगा दी। जब भगवती देवी ने बताया कि उसे तो डोज लग चुकी है। इतना सुनते ही स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया।

स्टाफ ने पूरी जानकारी रामपुरा सीएचसी में तैनात डॉक्टर को दी। आनन-फानन में डॉक्टरों ने वृर्द्ध महिला को ऑबजर्वेशन में ले लिया। फिलहाल लापरवाह स्टाफ के खिलाफ कोई भी दंडात्मक कार्यवाही नही की गई है।