बिना प्रोन्‍नति के रिटायर हो रहे शिक्षक, संघ ने सीएम से रोक हटाने की मांग की

झारखंड
Spread the love

रांची। बिना प्रोन्‍नति के लिए शिक्षक रिटायर हो रहे हैं। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को स्मार पत्र देकर राज्यकर्मी और शिक्षकों की प्रोन्नति पर लगी रोक को हटाने की मांग की है। संघ के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र चौबे, महासचिव राममूर्ति ठाकुर और मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद ने संयुक्त रूप से पत्र दिया है।

पदधारियों ने कहा कि सरकार के सभी सेवा एवं पदों में तत्काल प्रभाव से रोक है। प्रोन्नति पर विगत 9 माह से रोक रहने के कारण शिक्षकों की प्रोन्नति भी निष्पादित नहीं हो पा रही है। इससे कई अहर्ताधारी शिक्षक बिना प्रोन्नति के ही सेवानिवृत्त होने को मजबूर हो रहे हैं। कई न्यायिक वादों में भी शिक्षकों की लंबित प्रोन्नतियों को निष्पादित करने के नए आदेश प्राप्त हैं, जिसका अनुपालन नहीं किया जा सका है।

दिसंबर, 2020 से अब तक एक लंबे समय अवधि के गुजरने के बाद भी प्रोन्नति पर लगी रोक को हटाने की दिशा में अब तक अनिर्णय की स्थिति बनी हुई है। यह प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए श्रेयस्कर प्रतीत नहीं होता है। संघ का मानना है कि प्रोन्नति के मामले को हल करते हुए राजकर्मी और शिक्षकों की प्रोन्नति पर लगी रोक को तत्काल हटाया जाना चाहिए। प्रोन्नतियों को निष्पादित करने की दिशा में कार्य किया जाए।