रांची में भाजपा नेता की हत्या के मामले में रेकी करने वाले युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

अपराध झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। बड़ी खबर यह है कि रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में बीजेपी एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष जीतराम मुंडा की हत्या के मामले में पुलिस ने रेकी करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

एसआईटी उससे पूछताछ कर रही है। वारदात के आरोपी सस्पेक्टेड मनोज मुंडा की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। बता दें कि ओरमांझी में कांग्रेस विधायक बंधु तिर्की का पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जीतराम मुंडा पालू स्थित अपने होटल के लिए निकले थे। रास्ते में एक ढाबे में चाय पीने के लिए रुके थे, तब बाइक पर सवार होकर आये अपराधी ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी।

पुलिस जांच में यह बात सामने आयी है कि उनकी हत्या के लिए बकायदा रेकी की जा रही थी। रेकी करने वाला स्कूटी पर सवार था और ओरमांझी ब्लॉक से ही उन्हें फॉलो कर रहा था। इधर पुलिस सूत्रों के अनुसार जीतराम मुंडा की हत्या के लिए पीएलएफआई के शूटर को लगाया गया था। वैसे इस घटना के पीछे मनोज मुंडा का हाथ माना जा रहा है।

घटना के बाद से ही मनोज मुंडा फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए रांची के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार मनोज का मोबाइल लोकेशन भी घटना के वक्त वारदात स्थल का ही मिला है। उसके बाद से ही मनोज का फोन स्विच ऑफ है। इस कारण शक की सुई मनोज की तरफ घूम रही है।