घर से बाहर सो रहे मां-बेटे को करैत सांप ने डंसा, इलाज के दौरान दोनों की मौत

Uncategorized
Spread the love

पलामू। झारखंड के पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र की सतोवा पंचायत के सतन टोला में जहरीले सांप के डंसने से मां-बेटे की मौत हो गयी। घटना से गांव में मातम का माहौल है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन और सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है। पीड़ित परिवार काफी गरीब है और घर का मुखिया किसी तरह पवरिया (गाना बजाना कर) का कार्य कर जीविकोपार्जन करता है। मिली जानकारी के अनुसार मृतकों में पाटन की सतोवा पंचायत के सतन टोला गांव के मोहम्मद कुद्दूस की 45 वर्षीय पत्नी अमीना बीबी तथा पुत्र अल्ताफ आलम शामिल हैं। दोनों को गत गुरुवार-शुक्रवार की रात घर के बाहर सोए अवस्था में विषधर करैत ने डंस लिया था। बिजली चल जाने के कारण दोनों अत्यधिक गर्मी उमस के कारण घर के बाहर सोए हुए थे। तीन बजे के आसपास करैत सांप ने दोनों को डंस लिया। घटना के बाद सांप को मार दिया गया। साथ ही दोनों को इलाज के लिए सदर हॉस्पिटल शुक्रवार की भोर में ले जाया गया, जहां से नवजीवन तुंबागाड़ा रेफर किया गया।

नवजीवन अस्पताल पहुंचते ही अल्ताफ की मौत हो गयी, जबकि मां अमीना बीबी का इलाज क्रम में शनिवार को मौत हो गयी। पुत्र को शुक्रवार को, जबकि मां को शनिवार को मिट्टी दी गयी।