धनबाद। धनबाद जिले के झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दुमका सेंट्रल जेल से धनबाद जेल शिफ्ट कर दिया गया।
यहां बता दें कि झारखंड हाईकोर्ट ने 23 जुलाई को पूर्व विधायक संजीव सिंह को दुमका जेल से धनबाद जेल शिफ्ट करने का आदेश दिया था, जिसके बाद शनिवार को काफी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें दुमका जेल से धनबाद जेल ले जाया गया। पूर्व विधायक संजीव सिंह के जेल शिफ्टिंग कराने काफी संख्या में उनके समर्थक आधे दर्जन से अधिक लग्जरी गाड़ियों का काफिला लेकर दुमका पहुंचे थे।
कैदी गाड़ी में संजीव सिंह थे। कैदी गाड़ी के आगे-आगे सुरक्षा में लगे वज्र वाहन चल रहे थे। कैदी वाहन के पीछे एक एस्कॉर्ट गाड़ी और संजीव सिंह के समर्थकों की गाड़ी चल रही थी। अपने चचेरे भाई नीरज सिंह सहित चार लोगों की हत्या के आरोप में झरिया के पूर्व भाजपा विधायक संजीव सिंह 4 सालों से जेल में बंद हैं। संजीव सिंह को 22 फरवरी को धनबाद से दुमका जेल भेजा गया था।
छह महीने बाद फिर से संजीव सिंह वापस धनबाद जेल लाये गये। संजीव को उसी सेल में रखा जायेगा, जहां वह पूर्व में बंद थे। उनके धनबाद आने से पूर्व जेल की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। यह दूसरा मौका है जब संजीव सिंह को वापस धनबाद लाया जा रहा है। इससे पहले 2017 में भी जेल आईजी के आदेश पर संजीव सिंह को रांची होटवार जेल भेज दिया गया था।