हिन्‍दी दिवस पर सीसीएल में ‘लाइव वेबिनार’ का आयोजन, दिलाई गई शपथ

झारखंड
Spread the love

रांची। कोल इंडिया की सहायक कंपनी सीसीएल के रांची मुख्‍यालय सहित सभी क्षेत्रों में ‘हिन्‍दी दिवस’ मनाया जा रहा है। इस कड़ी में 14 सितम्‍बर को सीएमडी पीएम प्रसाद ने सभी को ’राजभाषा की प्रतिज्ञा’ दिलाई। इस अवसर विशेष पर गृह मंत्री अमित शाह का ऑडियो-विजुअल संदेश प्रसारित किया गया। 

निदेशक तकनीकी (संचालन) वीके श्रीवास्‍तव ने केंद्रीय कोयला मंत्री प्रल्हाद जोशी का राजभाषा संदेश पढ़ा। कार्यक्रम में कोल इंडिया अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल का संदेश भी पढ़ा गया। सीसीएल सीएमडी ने कहा कि राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय द्वारा कंपनी के लिए दिये गये वांछित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी को मिलकर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा। 

हिन्‍दी दिवस पर ‘लाइव वेबिनार’ का आयोजन किया गया। इसका विषय ‘हिन्दी का भारतीय परिदृश्‍य : उत्‍तर से दक्षि‍ण तक’ था। इसका प्रसारण सभी क्षेत्रों में किया गया। साथ ही पर्सनल कम्प्यूटर के वेब ब्राउजर (क्रोम, फ़ायरफ़ॉक्स, माइक्रोसॉफ़्ट एज) के माध्यम और फोन में blue jeans एप के माध्यम से भी इसका प्रसारण हुआ। 

मुख्‍य वक्‍ता डॉ नामदेव (प्रोफेसर, हिन्दी विभाग, किरोड़ीमल कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय) और डॉ एएस सुमेश (अध्यक्ष, हिन्दी विभाग, एमईएस कॉलेज, इडुक्की, केरल) थे। डॉ नामदेव ने कहा कि हिन्‍दी का प्रसार तेजी से बढ़ रहा है। सोशल मीडिया, टेक्‍नॉलॉजी आदि के माध्‍यम से हिन्‍दी के प्रति लोगों की रूची बढ़ रही है। 

डॉ सुमेश ने कहा कि दक्षिण भारत में भी हिन्‍दी का उपयोग होता है। हिन्‍दी भारत गणराज्य की राष्ट्रीय आधिकारिक भाषा है। विश्‍व में  व्यापक रूप से बोली जाने वाली भाषा के रूप में इसका स्थान है।

कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (राजभाषा) दिविक दिवेश ने किया। कार्यक्रम का आयोजन महाप्रबंधक(का./राजभाषा/कल्याण) डॉ अशोक कुमार सिंह एवं उनकी टीम बलिराम सिंह, उप-प्रबंधक (राजभाषा/सचिवालय) और अन्‍य के सहयोग से किया गया। 

राजभाषा माह के अंतर्गत 16 सितम्‍बर को हिन्‍दी टाईपिंग प्रतियोगिता, 21 सितम्‍बर को राजभाषा कार्यशाला और 30 सितम्‍बर को समापन सह पुरस्‍कार वितरण समारोह का आयोजन किया जायेगा। प्रतियोगिताओं से संबंधित विस्तृत जानकारी सीसीएल की वेबसाईट http://www.centralcoalfelds.in पर उपलब्‍ध है।