विधानसभा घेरने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज, कई घायल, कल विरोध दर्ज करेगी पार्टी

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

  • बाबूलाल मरांडी और दीपक प्रकाश की भी पिटाई

रांची। झारखंड विधानसभा भवन में नमाज कक्ष आवंटन के खिलाफ विधानसभा घेरने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज किया गया। इस घटना में महिला कार्यकर्ता सहित कई लोग घायल हो गये। उन्‍हें इलाज के लिए अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। भाजपा 09 सितंबर को पूरे प्रदेश में काला बिल्‍ला लगाकर विरोध दर्ज करेगी। राज्‍यपाल को ज्ञापन सौंपेगी। प्रदेश के नेताओं ने लाठीचार्ज की निंदा की। उन्‍होंने कहा कि राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने तक चैन से नहीं बैठेंगे।

हजारों कार्यकर्ता घेराव में शामिल

हेमंत सरकार की तुष्टिकरण नीति के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के सभी जिलों से 15 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने विधानसभा का घेराव किया। झारखंड विधानसभा में नमाज कक्ष आवंटन व नियोजन नीति के विरोध में हरमू मैदान से विधानसभा के लिए कूच किया। भाजपा कार्यकर्ताओं पर विधानसभा से पूर्व जगरनाथ मंदिर के समक्ष लाठी चार्ज और पानी का बौछार किया गया। इस क्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश और पूर्व मुख्यमंत्री व नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी को भी लाठी से पीटा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं को दौड़ा दौड़ा कर पीटा गया। महिला कार्यकर्ताओं को भी पुरुष पुलिस जवानों ने पीटा। लाठी चार्ज में भाजपा के सैकड़ो कार्यकर्ता घायल हुए।

नियोजन वर्ष को नमाज के लिये समर्पित

लाठी चार्ज के बाद दीपक प्रकाश ने कहा कि जब जब भाजपा के कार्यकर्ता ने संघर्ष किया है, वे और भी चमके हैं। मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखाने वाली कांग्रेस-झामुमो ने जनता को ठगा है। झूठे वादे पर सत्ता में आई सरकार अब असंवैधानिक फैसले कर रही है। राज्य सरकार ने नियोजन वर्ष को नमाज के लिये समर्पित कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सर्व धर्म सम भाव पर विश्वास करती है, किंतु 2 सितंबर को विधानसभा अध्यक्ष के आदेश से तुगलकी फरमान जारी किया, जो लोकतंत्र की मंदिर को कलंकित करने का कार्य किया है। झारखंड की  सरकार औरंगजेब की तरह सरकार चलाना चाहती है। एक विशेष धर्म के इबाबत के लिए स्थान दिया गया, यह संविधान का अपमान है। पार्टी के सभी विधायकों ने अपने विरोध से कुम्भकर्णी सरकार के निंद्रा तोड़ने का प्रयास किया है।

प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि सरना स्थल, संथाली समाज के लिए स्थल, भगवान राम की आराधना के लिए स्थल व अन्य सभी धर्मों के लिए स्थल देना होगा। तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले तालिबान का समर्थन कर रहे हैं। कांग्रेस के इशारे पर तालिबान का समर्थन हो रहा है। नियोजन नीति में उर्दू को स्थान देते हुए अन्य भाषाओं का अपमान करने का कार्य किया है। तुष्टिकरण नियोजन नीति में स्पष्ट दिख रहा है। उन्होंने कहा कि आज का दिन काला अध्याय के रूप में लिखा जाएगा। हेमंत सोरेन और कांग्रेस के इशारे पर लाठी चार्ज किया गया। बाबूलाल को मारने के इरादे से लाठी चार्ज किया गया। 18 महीने में 2900 दुष्कर्म वाली सरकार में महिलाओं पर पुरुष सुरक्षाकर्मियों द्वारा लाठी चार्ज किया गया। यह सरकार महिला विरोधी, आदिवासी विरोधी है। उन्होंने कहा कि एक एक लाठी का जवाब भाजपा देगी, झारखंड की जनता जवाब देगी।

लड़ाई अब गांव गांव तक जाएगी

धरना स्थल पर कार्यकार्यताओं को संबोधित करते हुए नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी ने कहा कि शांतिपूर्ण कार्रवाई पर लाठी चार्ज किया गया। महिलाओं पर पुरुषकर्मियों द्वारा लाठी चार्ज किया गया। सोची समझी साजिश के तहत लाठी चार्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने में बहुत समय नहीं लगेगा। जिस प्रकार से नामज के लिए कक्ष का आवंटन किया गया, वह संवैधानिक तरीके से गलत है। अलोकतांत्रिक है। झारखंड में लोकतंत्र की हत्या हुई है। उन्होंने कहा कि नमाज कक्ष का आदेश यदि वापस नहीं लिया गया तो यह आंदोलन झारखंड के गांव गांव तक जाएगा। सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ रहे हैं। सदन में किसी भी मुद्दे पर चर्चा नहीं कराना चाहते हैं। वे चर्चा से भाग रहे हैं। तुष्टिकरण की राजनीति के तहत नियोजन नीति बनायी गई। लोकतंत्र के मंदिर के साथ छेड़छाड़ हुई तो भाजपा चुप बैठने वाली नहीं है। बालू, कोयला पत्थर की लूट मची है और इसके संरक्षक हेमंत सरकार है। तुष्टिकरण करने वाले झामुमो का आने वाले दिनों में झारखंड से नामो निशान मिट जाएगा।

लाठी गोली डंडे से डरने वाली पार्टी

पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने विधानसभा घेराव में शामिल हुए। विधानसभा परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के समक्ष भाजपा विधायकों के साथ तुष्टिकरण के खिलाफ धरने पर भी बैठे। लाठी चार्ज हुए स्थान पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा 365 दिन चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र पर वंशवादी पार्टी ने देश की आजादी के बाद से ही वोट बैंक की तुष्टिकरण की राजनीति शुरू कर दिया। पंथनिरपेक्ष भारत राज्य है। हेमंत सोरेन के दबाव में नमाज के लिए कक्ष आवंटन किया गया है, जो असंवैधानिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि लाठी गोली डंडे से डरने वाले पार्टी भाजपा नहीं है। संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियोजन नीति के तहत हिंदी भाषी लोगों का हेमंत सरकार ने अपमान किया है। एक साल में 5 लाख नौकरी, नहीं तो बेरोजगारी भत्ता समेत एक भी वादा पूरा नहीं किया। हेमंत सरकार अपनी विफलता छुपाने के लिए जनता को बांटने का कार्य किया है। जब तक नमाज कक्ष और नियोजन नीति में बदलाव नहीं होगा, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।

कीर्तन मंडली व जय श्री राम से गुंजायमान

इससे पूर्व विधानसभा घेराव के लिए प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश के नेतृत्व में रैली निकाली गई। यह हरमू मैदान व अरगोड़ा मैदान से निकाली गई। इस रैली में नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के सांसद व सभी पदधारी भी शामिल हुए। इस क्रम में महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा के लोग कीर्तन मंडली के साथ शामिल हुए। पूरे रैली में हरे रामा, हरे कृष्णा, जय श्री राम, भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे गूंजता रहा। इस दौरान तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देने व विकास विरोधी हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। इस रैली में सभी 27 सांगठनिक जिलों से कार्यकर्ता, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

कई महिला कार्यकर्ता हुए घायल

पार्टी कार्यकर्ता द्वारा लगभग 10 किलोमीटर पैदल मार्च के बाद विधानसभा के समक्ष जग्गनाथ मंदिर के समीप जमकर लाठी चार्ज किया गया। इस लाठी चार्ज में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के घायल होने के बावजूद पार्टी कार्यकर्ता उसी स्थान पर डटे रहे। महिला कार्यकर्ताओं पर भी लाठी चलाने से गुरेज नहीं किया। पुरुषकर्मी पुलिस पदाधिकारी ने लाठी चार्ज किया। कार्यक्रम के दौरान सांसद पीएन सिंह, संजय सेठ, सुनील सोरेन, सुदर्शन भगत, पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र राय, विधायक सीपी सिंह ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा सहित प्रदेश के पदधारी, विधायक भी उपस्थित रहे। विधानसभा घेराव कार्यक्रम में बीडी राम, दिनेशानंद गोस्वामी, सभी विधायक पार्टी के सभी पदधारी, मोर्चा अध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आदित्य साहू और धन्यवाद केके गुप्ता ने किया।

ये गंभीर रूप से घायल हुए

विधानसभा घेराव के दौरान हुए लाठी चार्ज में पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष अमरदीप यादव, युवा मोर्चा अध्यक्ष किसलय तिवारी, हजारीबाग जिलाध्यक्ष अशोक यादव, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष पप्पू चन्द्रवंशी, युवा मोर्चा संजीत सिंह, राजीव जायसवाल युवा मोर्चा बोकारो प्रभारी, संजय महतो, अभिषेक सिंह, रणधीर दास, सुजान मुंडा, सत्यदेव मुंडा, विपिन कुमार, प्रदीप साहू, अस्मित सिंह सेट्ठी, सत्यजीत सिंह, सुधीर यादव, रोमित नारायण सिंह, अमित कुमार सिंह, अरविंद कुमार, सिंद्धांत राम कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश , नेता विधायकदल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने घायल कार्यकर्ताओं से अस्पताल में भेंट की। उनका कुशलक्षेम जाना। उनके समुचित इलाज की चिंता की।