कन्हैया थाम सकते हैं कांग्रेस का दामन, बिहार में सियासी हलचल तेज

बिहार
Spread the love

जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार बिहार में कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। बताया जा रहा है कि इसके लिए लगातार कन्हैया कुमार और कांग्रेस आलाकमान के बीच बातचीत चल रही है। कन्हैया कुमार छात्र राजनीति के बाद सीपीआई के टिकट पर बेगूसराय सीट से चुनाव लड़ चुके हैं।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक कन्हैया कुमार लगातार पार्टी नेताओं के संपर्क में हैं और उनकी बातचीत राहुल गांधी से भी चल रही है। बताया जा रहा है कि जल्द ही कन्हैया कुमार कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले भी जेएनयू छात्र संघ के दो पूर्व अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। कन्हैया कुमार से पहले जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष संदीप सिंह और मोहित पांडेय कांग्रेस में शामिल हो चके हैं। संदीप सिंह वर्तमान में प्रियंका गांधी के राजनीतिक सलाहकार हैं, जबकि मोहित पांडे को यूपी कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग का अध्यक्ष बनाया गया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी ने 2024 लोकसभा चुनाव को देखते हुए बिहार में संगठन मजबूत करने का काम शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि अगर कन्हैया कुमार पार्टी में शामिल होते हैं, तो उन्हें बिहार कांग्रेस में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।

यह भी बताया जा रहा है कि उनकी जिम्मेदारी को लेकर ही अभी बातचीत चल रही है। युवा कांग्रेस की एक बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने नए लोगों को जोड़ने के संकेत दिए थे। राहुल ने कहा था कि जिन लोगों को बीजेपी से डर नहीं लगता है, उन सभी को कांग्रेस से जोड़ने का काम करें। जिन्हें बीजेपी से लड़ाई लड़ने में दिक्कत है, वे पार्टी से जा सकते हैं।