आजादी के अमृत महोत्सव पर हुआ फिट इंडिया फ्रीडम रन

झारखंड
Spread the love

रांची। राष्ट्रीय सेवा योजना और नेहरू युवा केंद्र संगठन (रांची) के संयुक्त तत्वावधान में आजादी के अमृत महोत्सव पर फिट इंडिया फ्रीडम रन (2.0) का आयोजन 11 सितंबर को किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रांची सांसद संजय सेठ, विशिष्ट अतिथि रांची विधायक सीपी सिंह और रांची की महापौर आशा लकड़ा थे। कार्यक्रम का उद्देश्य देश में आजादी दिलाने वाले महापुरुष एवं देशभक्तों को नमन करने के साथ आज की पीढ़ी को जागरूक करना है।

इस अवसर पर संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 135 करोड़ नागरिकों की सेहत को ठीक रखने के लिए फिट इंडिया कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने नारा दिया, ‘फिटनेस का डोज-आधा घंटा रोज’। उन्होंने कहा कि सभी लोग इसे आत्मसात करेंगे तो बिल्कुल स्वस्थ रहेंगे। एनएसएस एवं एनवाईकेएस के स्वयंसेवकों से साईकल रैली आयोजन करने का आह्वान किया।

सीपी सिंह ने कहा कि आज की भागमभाग जीवनशैली में खुद को स्वस्थ रखने के लिये योग, व्यायाम, आसन्न, स्विमिंग, साइक्लिंग अति आवश्यक है। स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है। इसे समझने की जरूरत है। महापौर ने कहा कि देश के युवाओं से समाज को बहुत अपेक्षा है। इसके लिए उन्हें फिट एवं तंदरुस्त रहना होगा। नियमित शारीरिक कसरत को अपने जीवन मे शामिल करना चाहिए।

फ्रीडम रन में एनएसएस और एनवाईकेएस के 75 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सांसद, विधायक और महापौर द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर फिट इंडिया फ्रीडम रन का शुभारंभ किया। कोविड-19 का दिशा निर्देशों का पालन करते हुए मोरहाबादी मैदान में फिट इंडिया फ्रीडम रन किया। लगभग 06 किलोमीटर की दूरी तय की गई। संजय सेठ ने सभी स्वयंसेवकों और अन्य उपस्थित पदाधिकारियों को फिट इंडिया की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम का प्रस्तावना राज्य एनएसएस पदाधिकारी डॉ ब्रजेश कुमार ने किया। मंच संचालन एनवाईकेएस के जिला युवा अधिकारी अनुराग यादव ने किया। कार्यक्रम को रांची विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ राजकुमार शर्मा, जिला खेल पदाधिकारी उपवन बाड़ा, अनुभव चक्रवर्ती, गौरव अग्रवाल एवं एनएसएस के दिवाकर आनंद, फलक फातिमा, राहुल कुमार साहू, शिवानी अग्रवाल, प्रिंस तिवारी, रोजी शर्मा, शुभम गुप्ता, नेहा कुमारी, श्रुति, किशोर लकड़ा, उज्ज्वल कुमार ने भी संबोधित किया।