शुरू होते ही खत्‍म हुआ बारूद कारखाना के निकट बेमियादी गेट जाम आंदोलन

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अबंष्‍ठ

बेरमो (बोकारो)। इंडियन एक्सप्लोसिव कर्मचारी संघ का गोमिया बारूद कारखाना गेट पर अनिश्चितकालीन धरना और जाम सोमवार को शुरू होते ही खत्‍म हो गया। यूनियन ने मांगें पूरी करने के लिए अचानक प्रबंधन को 8 अक्टूबर तक का समय दे दिया गया। इसके कारण यह कार्यक्रम एक दिन का बनकर रह गया।

कल रात से ही यूनियन के कर्मचारी मुख्य गेट के समक्ष आने लगे थे। कंपनी के अन्य कर्मचारी और अधिकारियों पर निगरानी रख रहे थे। इस दौरान कर्मचारी और यूनियन के कर्मचारियों के बीच थोड़ी हाथापाई भी हुई। हालांकि अधिकारिक रूप से इसकी किसी ने पुष्टि नहीं की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता जुटे। जेएमएम के कार्यकर्ता भी आंदोलन का समर्थन करने पहुंचे। बेरमो विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के अलावा छात्र संघ, महिला मोर्चा एवं आरसीएमएस के नेता और कार्यकर्ता भी आए।

सभा में बेरमो विधायक कुमार जय मंगल भी पहुंचे। उन्‍होंने कहा के यह मल्टीनेशनल कंपनी मजदूरों का शोषण करती है। कोरोना काल में कंपनी करोड़ों रुपये का मुनाफा कमाई है। यहां के मजदूर का कोरोना काल में निधन हो गया, लेकिन कंपनी ने कोई मदद नहीं की। यदि प्रबंधन मजदूरों की मांग नहीं मानती है तो 8 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरना और गेट जाम किया जाएगा।

गोमिया के पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि कंपनी सैकड़ों एकड़ जमीन अधिग्रहि‍त कर ली है, जबकि कारखाना बहुत ही कम जमीन पर चल रहा है। जि‍स जमीन का कंपनी उपयोग नहीं कर रही है, उसे विस्थापितों को वापस करना होगा।

सभा को गोमिया के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पांडेय, पेटरवार के कमलेश प्रसाद, नप अध्यक्ष राकेश सिंह, महेन्द्र विश्वकर्मा, गिरिजा शंकर पांडेय, विकास सिंह, मदन मोहन महतो, विल्सन फ्रांसि‍स, अजय सिंह, राकेश नायक, नीतू सिंह, उर्मिला देवी, पम्मी सिंह, सुबोध सिंह पवार ने भी संबोधित किया। संचालन बेरमो प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद सिंह ने किया।

भीड़ को देखते हुए बेरमो के एसडीओ अनंत कुमार, एसडीपीओ सतीश चंद्र झा, बीडीओ कपिल कुमार, सीओ संदीप अनुराग टोपनो, गोमिया थाना प्रभारी आशीष खाखा, आईईएल के आशीष कुमार एवं अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्र से पुलिस जवान मौजूद थे।