रांची। रांची में आयोजित होने वाली दुर्गापूजा को लेकर उपायुक्त रांची छवि रंजन की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई।
इसमें राज्य सरकार द्वारा जारी कोरोना से संबंधित दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गापूजा मनाने की अपील की गयी। बैठक के दौरान विभिन्न शांति समिति के सदस्यों ने भी अपनी-अपनी बातें रखीं। जिस पर उपायुक्त ने व्यवस्था और समाधान की बात कही।
कांके विधायक समरीलाल ने बैठक के दौरान संबोधन में कोविड-19 गाइडलाइंस का पालन करते हुए पूजा संपन्न कराने की बात कही। रांची समाहरणालय ब्लॉक ‘बी’ स्थित कमरा संख्या-505 में आयोजित बैठक में कांके विधायक समरीलाल, वरीय पुलिस अधीक्षक रांची सुरेन्द्र झा, ग्रामीण एसपी मोहम्मद नौशाद, सिटी एसपी सौरभ, अपर जिला दंडाधिकारी, उत्कर्ष गुप्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी दीपक दुबे, संबंधित पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं विभिन्न शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।