झारखंड विधानसभा में नमाज के लिए कमरा आवंटित करने का गहराता जा रहा है विवाद, विस घेरने निकले हजारों भाजपाई

मुख्य समाचार
Spread the love

बड़ी खबर यह है कि झारखंड विधानसभा में नमाज पढ़ने के लिए कमरा आवंटित करने के विरोध में भाजपा के हजारों कार्यकर्ता विधानसभा का घेराव करने निकल पड़े हैं। हरमू रोड से भाजपा कार्यकर्ताओं का जत्था विधानसभा की ओर बढ़ रहा है। इस वजह से हरमू रोड पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।

इस रोड पर ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है। राजधानी में रातू रोड से लेकर विधानसभा तक बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है। आंदोलनकारियों की अगुवाई झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा सांसद संजय सेठ, विद्युत वरण महतो, दिनेशानंद गोस्वामी सहित अन्य भाजपा नेता कर रहे हैं।

प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राज्य के अलग-अलग जिलों से भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में राजधानी पहुंचे हैं। ट्रेनों के साथ-साथ प्राइवेट बसों और निजी वाहनों से नेता-कार्यकर्ता रांची आये। कार्यकर्ताओं का जत्था लगभग सवा बारह बजे हरमू होते हुए विधानसभा की ओर बढ़ा। प्रदर्शनकारियों के जत्थे में शामिल कई लोग ढोल-झाल के साथ भजन-कीर्तन करते हुए बढ़ रहे हैं।