मॉनसून सत्र के समापन भाषण में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा-महीने भर बाद बड़े पैमाने पर होगी नियुक्ति

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र के समापन भाषण में सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि महीने भर बाद बड़े पैमाने पर नियुक्ति होगी। पहली बार नियुक्ति नियमवली बनायी गयी। जिस तरीके से सरकार झारखंड को मजबूत करने की नींव डाल रही है अब आगे परेशानी नहीं होगी। नियुक्तियों पर लगातार काम हो रहा है।

झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र गुरुवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया। समापन भाषण में मुख्यमंत्री के निशाने पर भाजपा रही। उन्होंने कहा कि सत्ता के बिना पानी बिन मछली जैसी हालत है भाजपा की। भाजपा ने लोकतंत्र को तार-तार कर दिया है। वह किसी भी तरह से येन-केन प्रकारेण सत्ता हथियाना चाहती है। कहा कि लेकिन ऐसे लोगों को सदन में नहीं, बल्कि जनता जवाब देती है। अभी बंगाल चुनाव में जनता ने इन्हें जवाब दे दिया है।

यह सिलसिला रुकनेवाला नहीं है। लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता इन्हें सबक सिखाने में लगी है। बंगाल में चुनाव हो रहा था, लेकिन ऐसा लग रहा था कि भारत पाकिस्तान के बीच युद्ध हो रहा हो। भाजपा जनता की सेवा क्या करेगी, यह तो विपक्ष की भूमिका भी नहीं निभा पा रही है।