भाजपा ने मनाया काला दिवस, राज्‍यपाल को सौंपा ज्ञापन, जारी रखेगी सघर्ष

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। भारतीय जनता पार्टी हेमंत सरकार की तुष्टिकरण के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। लाठी चार्ज के खिलाफ काला बिल्ला लगाकर पूरे प्रदेश में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाया। राजभवन में राज्‍यपाल रमेश बैस से मिलकर ज्ञापन सौंपा। विधानसभा में नमाज कक्ष का आवंटन रद्द करने और घेराव कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज की जांच कराने की मांग की।

पार्टी के मुताबिक हेमंत सरकार की जनविरोधी तुष्टिकरण नीति के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विधानसभा घेराव में हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदेश के सभी 27 सांगठनिक जिलों के कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाया। काला दिवस पर पार्टी कार्यकर्ता और पदधारियों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज किया। प्रदेश कार्यालय में भी पार्टी कार्यकर्ता और पदधारियों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज किया।

काला बिल्ला लगाते हुए घायल प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि सरकार लाठी के दम पर तुष्टिकरण नीति लागू करना चाह रही है। इतिहास में शायद ही कोई सरकार होगी, जिसके खिलाफ मात्र 2 साल में इतना जनाक्रोश होगा। राज्य सरकार यह याद रखे कि अगर वह तुष्टिकरण की नीति को जारी रखेंगे, तो उन्हें हम चैन से सोने नहीं देंगे। पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। नारी शक्ति पर प्रहार और अत्याचार झारखंड की जनता बर्दाश्‍त नहीं करेगी।

अध्‍यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जितनी भी लाठियां भाजपा कार्यकर्ताओं पर बरसाई है, उनकी कुर्सी उतनी ही जल्दी जाएगी। सरकार कान खोलकर सुन ले। पुलिस की भेष में झामुमो के गुंडों ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया है। इससे हम डरने और पीछे हटने वाले नही हैं, बल्कि तुष्टिकरण के खिलाफ आंदोलन और तेज होगा। विरोध प्रदर्शन को सफल और सशक्त बनाने के लिए पार्टी के प्रदेशभर के सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने भी सभी जिलों से विधानसभा घेराव कार्यक्रम में आये कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्‍होंने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की पक्षधर है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति में भारतीय संस्कृति को चोट पहुंचाने की हर संभव कोशिश की है। भारतीय जनता पार्टी इस कोशिश को कभी भी सफल नहीं होने देगी। उन्‍होंने घायल कार्यकर्ताओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

काला दिवस पर प्रदेश कार्यालय में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, प्रदीप वर्मा, प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, बालमुकुंद सहाय, प्रशिक्षण सह प्रमुख पंकज सिन्हा, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाइक, राहुल अवस्थी, रंजीत चन्द्रवंशी आदि मौजूद थे।

उधर, राजभवन में प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, डॉ प्रदीप वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, वरिष्ठ नेता बालमुकुंद सहाय, प्रदेश प्रवक्‍ता प्रदीप सिन्‍हा, अशोक बड़ाईक ने राज्‍यपाल को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि पार्टी का स्पष्ट मानना है कि नमाज कक्ष के आवंटन का निर्णय सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने वाला है। यह निर्णय केवल राज्य की साढ़े तीन करोड़ जनता की भावनाओं के खिलाफ है। देश भर में झारखंड की छवि को कलंकित करने वाला भी है।

जनभावनाओं के अनुरूप इस अलोकतांत्रिक और असंवैधसनिक निर्णय का सदन से सड़क तक चरणबद्ध विरोध किया है। राज्य सरकार की हठधर्मिता बढ़ती जा रही है। हद तो तब हो गई, जब कल 8 सितंबर, 2021 को हजारों भाजपा कार्यकर्ता विधानसभा  घेराव के लिये पहुंचे तब पुलिस द्वारा लाठी चार्ज किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी पर जानलेवा घातक हमला किया गया। इसे उनके केंद्रीय सुरक्षाबल के जवानों ने विफल कर दिया। इतना ही नही महिला कार्यकर्ताओं को भी पुरुष पुलिस कर्मियों द्वारा बर्बरता से पीटा गया। गला दबा कर मारने की कोशिश की गई। पुलिस की बर्बर कार्रवाई से घायल प्रदेश के सैकड़ो कार्यकर्ता अस्पतालों में इलाजरत हैं।

पार्टी ने अनुरोध किया कि राज्य में सर्वपंथ समभाव को बनाये रखने केलिये नमाज कक्ष आवंटन के निर्णय को अविलंब वापस लिया जाए। लाठीचार्ज की जांच कराई जाए।