घर में हुए विवाद के बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

गोमिया (बोकारो)। घर में हुए विवाद के बाद युवक ने खौफनाक कदम उठाया। घटना बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत चतरोचटी थाना क्षेत्र की बड़कीचिदरी पंचायत के जरकुड़ा ग्राम की है। यहां रहने वाले एक युवक ने कोनार डैम में बुधवार को छलांग लगा दिया। गंभीर अवस्‍था में उसे अस्‍पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक‌ का नाम अशोक महतो (34) है। वह शाम पांच बजे कोनार डैम के पास पहुंचा। आसपास किसी को नहीं देखकर अचानक डैम की रेलिंग पर चढ़कर पानी निकासी की ओर छलांग लगा दिया। लगभग सौ फीट नीचे पत्थर में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण जुट गये। घायल अवस्था में किसी तरह युवक को उठाकर ऊपर लाया। जानकारी मिलने के बाद चतरोचटी थाना प्रभारी विवेक तिवारी और निवर्तमान मुखिया टुकन महतो घटना स्‍थल पर पहुंचे। वाहन की व्‍यवस्था कर प्राथमिक इलाज के लिए युवक को हजारीबाग भेजा।

थाना प्रभारी ने बताया कि घर में आपसी विवाद होने के बाद गुस्से में आकर अशोक महतो ने यह कदम उठाया। डैम में कूद गया, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। पंचायत के मुखिया ने बताया कि घायल अशोक की मृत्यु अस्पताल में इलाज के दौरान हो गयी। बताया गया कि मृतक की एक ढाई साल की पुत्री है।