- शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया गया अभियान
- कई प्रतिष्ठानों के खिलाफ की गई कार्रवाई
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से पान मसाला एवं प्रतिबंधित तम्बाकू उत्पादों की बिक्री को रोकने के लिए छापेमारी की गई। रांची उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में छापेमारी की गई।
शहर के विभिन्न हिस्सों में 200 से ज्यादा प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। प्रत्येक प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और थाना प्रभारी द्वारा भी छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध सिगरेट एवं पान मसाला बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट 2006 के तहत कार्रवाई की गई। पान मसाला एवं प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए 13 अलग-अलग छापामार दस्तों का गठन किया गया है।
अंचल अधिकारियों को मजिस्ट्रेट नामित करते हुए धावा दलों का गठन किया गया। छापामारी के दौरान प्रत्येक धावा दल में एक पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे। छापामार दस्ते का एडीएम लॉ एंड ऑर्डर और एसडीएम रांची की अध्यक्षता में ओरिएंटेशन किया गया। इसमें गैर कानूनी रूप से प्रतिबंधित पान मसाला एवं तम्बाकू विक्रेताओं पर कोटपा एक्ट-2003 एवं FSSAI एक्ट 2006 के तहत स्पेशल ड्राइव चला कर छापामारी करने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था, अनुमंडल दंडाधिकारी सदर रांची, नोडल पदाधिकारी टोबैको कंट्रोल सेल रांची के डॉक्टर आर एन शर्मा, फ़ूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ इएसएस कुल्लू, जिला परामर्शी सुशांत कुमार, तंबाकू नियंत्रण इकाई रांची और प्रतिनिधि रांची कैंसर केयर फाउंडेशन मौजूद थे।