जानें क्यूं खुद की कब्र खोदकर जिंदा दफन होने पर अड़ा है ये शख्स

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

यूपी के कानपुर देहात के भोगनीपुर तहसील के अंतर्गत आने वाला दुधनियापुर अचानक से चर्चा का विषय बन गया। गांव में एक शख्स खुद की कब्र खोदकर अपने आप को जिंदा दफन करने पर अड़ गया था। जिसे देखकर पूरा गांव हैरत में पड़ गया।

दरअसल, इसरारुल हसन सरकारी लापरवाही से परेशान होकर खुद को जिंदा दफ़न करना चाहते थे।पूछने पर पता चला कि पुलिस और प्रशासन की लापरवाही के चलते यह शख्स नाराज़ था और खुद को दफनाना चाहता था। इस अजीब फैसले से गांव में मजमा लग गया। देखते ही देखते कब्रिस्तान के बाहर लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई।इसरारुल हसन का अपने पड़ोसी से विवाद चल रहा है। जिसे लेकर वह पिछले कई दिनों से पुलिस के चक्कर काट रहा था। वहीं इसरारुल लगातार भोगनीपुर एसडीएम और नजदीकी देवराहट थाने में गुहार लगा रहा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने खुद को दफन करने का फैसला कर लिया। हालांकि इस मामले की जानकारी मिलते ही आला अधिकारियों का अमला और पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई।

पीड़ित के साथ-साथ प्रशासन और पुलिस ने विपक्ष के लोगों को भी थाने में बुला लिया। पूरे मामले में पुलिस ने दोषी पक्ष के साथ-साथ पीड़ित पक्ष पर भी मुकदमा लिख दिया और दोनों ही पार्टी को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया।