पिछले दस सालों में इस राज्‍य की 1.50 करोड़ बढ़ी जनसंख्‍या, विधायक ने की कानून बनाने की मांग

देश मध्य प्रदेश
Spread the love

मध्य प्रदेश। राज्‍य में पिछले 10 सालों में लगभग 1.5 करोड़ से अधिक जनसंख्या की बढ़ोत्तरी हुई है। यह पश्चिमी देशों से कहीं अधिक है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने इसे लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा। राज्य में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाएं जाने की मांग है।

विधायक ने कहा है कि मध्यप्रदेश में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाकर जनसंख्या पर नियंत्रण करने की महती आवश्यकता महसूस की जा रही है। बढ़ती हुई जनसंख्या प्रदेश के विकास, सुशासन एवं सुरक्षा के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। वर्ष 2011 में हुई जनगणना के हिसाब से मध्यप्रदेश की जनसंख्या लगभग 7.25 करोड़ थी। वहीं 2021 में मध्यप्रदेश की अनुमानित जनसंख्या लगभग 8 करोड़ 75 लाख है। अर्थात विगत 10 वर्षों में लगभग 1.5 करोड़ से अधिक जनसंख्या की बढ़ोत्तरी हुई है, जो कि पश्चिमी देशों से कहीं अधिक है।

विधायक ने कहा है कि जर्मनी की जनसंख्या लगभग 8 करोड़ 37 लाख, फ्रांस की जनसंख्या 6 करोड़, इंग्लैंड की जनसंख्या 6 करोड़ 78 लाख, इटली की जनसंख्या 6 करोड़ और स्पेन की जनसंख्या मध्यप्रदेश की तुलना में आधी से भी कम 4 करोड़ 67 लाख है। उल्लेखनीय है कि ये देश जनसंख्या के मामले में मध्यप्रदेश से कम है, लेकिन साधन संसाधनों की तुलना में मध्यप्रदेश से कई गुना आगे है।

विधायक ने कहा है कि आपने अपने कठोर परिश्रम गांव और गरीब किसान प्रदेश के आम नागरिकों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मध्यप्रदेश की बीमारू पिछड़े राज्यों की श्रृंखला से निकालकर देश के अग्रणी राज्यों की सूची में शामिल किया है। मध्यप्रदेश आपके नेतृत्व में प्रगति कर रहा है, जो कि निरंतर करता रहेगा।

विधायक ने मुख्‍यमंत्री से कहा है कि जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने के परिपेक्ष्य में सार्थक निर्णय लिया जाना जरूरी है। यह मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा, सुशासन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।