#Weather India : बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र, इन राज्‍यों में पड़ेगा असर

देश नई दिल्ली मौसम
Spread the love

नई दिल्‍ली। उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के भागों में एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है। इसके प्रभाव से अगले दिनों में देश के कई राज्‍यों के अधिकांश भागों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना है। इसके कारण कई जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती हे। यह जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र ने दी है।

केंद्र के मुताबिक उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के भागों पर 11 जून तक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 11 जून के बाद अगले दो दिनों के दौरान ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के अधिकांश के अधिकांश हिस्सों एवं बिहार के कुछ भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है।

पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों और इससे सटे मध्य भारत के भागों में 10 जून को सभी स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। ओडिशा के कुछ हिस्सों में 8 से 11 जून के बीच, गंगीय पश्चिम बंगाल में 10 और 11 जून को, झारखंड में 11 जून को, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 10 और 11 जून को भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा में 11 जून, 2021 को एक-दो स्थानों पर भीषण वर्षा की भी आशंका है। पश्चिमी तटीय भागों में भी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं।

दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभावी होने और अन्य मौसमी स्थितियों के अनुकूल होने के कारण उत्तर-पूर्वी राज्यों में अगले 4-5 दिनों के दौरान अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 7 और 8 जून को एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। असम और मेघालय में 7 से 10 जून के बीच मूसलाधार बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7 से 9 जून के बीच; नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 और 8 जून को भारी वर्षा हो सकती है।

उत्तरी महाराष्ट्र से उत्तरी केरल के तटों तक बनने वाली तटवर्ती ट्रफ के कारण दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में अगले 4-5 दिनों के दौरान कई जगहों पर गर्जना के साथ बारिश हो सकती है। बिजली कड़कने की घटनाएं भी हो सकती हैं। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी भागों में 8 से 10 जून के बीच धूलभरी तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसकी गति 30 से 40 किलो मीटर प्रति घंटे होने की उम्‍मीद है।