पटना। बिहार में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य के सभी जिलों में बारिश से नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। मौसम विभाग ने 18 जून तक सूबे के 11 जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं 13 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और अन्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
साथ ही लोगों को खुले स्थान, मैदान, आम और लीची के बगानों में नहीं रहने की हिदायत भी दी गयी है। यहां पर बिजली गिरने की आशंका भी जतायी गयी है। रेड अलर्ट वाले जिलों में उत्तर पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज के अलावा दक्षिण मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, नवादा, बेगूसराय और लखीसराय शामिल हैं। यहां मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ अत्यधिक बारिश की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण पश्चिम बिहार और दक्षिण पूर्व बिहार के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया शामिल हैं। इन जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। वहीं अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बारिश होगी, पर इतनी तीव्रता नहीं होगी।