झारखंड में थर्ड जेंडर के वैक्सीनेशन की शुरुआत करने वाला रांची बना पहला जिला

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। झारखंड में थर्ड जेंडर के टीकाकरण की शुरुआत करने वाला रांची पहला जिला बन गया है। रोस्पा टावर परिसर से रांची उपायुक्त छवि रंजन की उपस्थिति में मोबाइल वैक्सीनेशन के माध्यम से थर्ड जेंडर कम्युनिटी के लोगों का टीकाकरण 4 जून को किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त विशाल सागर, अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर उत्कर्ष गुप्ता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

उपायुक्त ने की काउंसलिंग

टीकाकरण से पहले उपायुक्त ने थर्ड जेंडर कम्युनिटी के लोगों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उनकी काउंसलिंग करते हुए बताया कि टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। थर्ड जेंडर कमेटी के लोगों ने उपायुक्त से टीकाकरण को लेकर मन में व्याप्त भ्रांतियों को खुले दिल से साझा किया। इस दौरान उपायुक्त ने बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री, बड़े पदाधिकारियों सहित उन्होंने भी कोविड-19 का टीका लिया है और उन्हें स्वास्थ्य से जुड़ी किसी तरह की समस्या नहीं आई।

ट्रांसजेंडर के टीकाकरण की व्यवस्था होगी

ट्रांसजेंडर कम्युनिटी से बातचीत करते हुए उपायुक्त ने जिला में ट्रांसजेंडर की कुल संख्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जितने भी ट्रांसजेंडर हैं, उनके टीकाकरण की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी। समुदाय के लोग मोबाइल वैक्सीनेशन के लिए 7546028221 पर संपर्क कर सकते हैं। संबंधित पदाधिकारी को उपायुक्त ने इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

संवेदनशील होने की आवश्यकता

रंजन ने कहा कि समाज के हर वर्ग का टीकाकरण आवश्यक है, ताकि कोरोना से जंग हम जीत सके। उन्होंने कहा कि ट्रांसजेंडर के लिए हमें संवेदनशील होने की आवश्यकता है। टीकाकरण को समुदाय में व्याप्त भ्रांतियों को दूर किया जाएगा। साथ ही समुदाय की हर संभव मदद की जाएगी।

इनका भी रहा सहयोग

थर्ड जेंडर कम्युनिटी के टीकाकरण में गैर सरकारी संगठन दिव्यम ड्रीम्स की कुमुद झा का सहयोग रहा। आपको बताएं कि रांची जिला प्रशासन विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के सहयोग से ट्रांसजेंडर कम्युनिटी की काउंसलिंग कर टीकाकरण कराने के लिए प्रयासरत है।