वैक्सीनेशन को लेकर निर्मल ग्राम अलौदिया में चला जागरुकता अभियान

झारखंड
Spread the love

लातेहार। वैक्सीनेशन को लेकर जिले के चंदवा प्रखंड के निर्मल ग्राम अलौदिया में जागरुकता अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को वैक्‍सीन लेने के लिए प्रेरित किया गया। वैक्‍सीन लगाने के फायदे बताए गये।

ग्रामीणों से कहा गया कि वैक्सीन कोरोना महामारी से लोगों को बचायेगा। वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। आमलोगों की सुविधा के लिए जगह-जगह टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। सभी इसका लाभ उठायें। कोरोना से बचाव के लिए वैक्सिन जरूर लें। इस दौरान टीका लेने वाले लोगों को उत्साहित भी किया गया। डॉ लक्ष्मी देव ने लोगों से कहा कि मैंने स्वंय गुरुवार को इसी केंद्र में वैक्सीन लिया। कोई परेशानी नहीं हुई है,

स्वयंसेवक अमि‍त गुप्ता ने बताया कि हम सभी परिवार मई में वैक्सीन ले चुके हैं। आजतक कोई समस्या नहीं आई। शिक्षक बीगन राम और रामलाल उरांव ने कहा कि हमने वैक्सीन ली है। कोई दिक्कत नहीं हुई। आप भी वैक्सीन जरूर लें।

गौरतलब हो कि उपायुक्त अबु इमरान कोरोना वैक्सीनेशन के लिए खुद लोगों को गांव-गांव जाकर जागरूक कर रहे हैं। उन्‍होंने जनप्रतिनिधियों से भी लोगों को जागरूक करने की अपील की है।

जागरुकता अभियान में अंचल अधिकारी सह प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार सिंह, प्रखंड कर्मी संतोष प्रजापति, रोजगार सेवक दीपा कुमारी, डॉ लक्ष्मी देव, सामाजिक कार्यकर्ता अयुब खान, समाजसेवी असगर खान, सुरेन्द्र सिंह, राजेश कुमार साहू, डीलर महेंद्र अग्रवाल, स्वंयसेवक मनु उरांव, अमि‍त कुमार गुप्ता, संदीप अग्रवाल शामिल थे। उन्‍होंने गांव में घूम-घूमकर वैक्सीन के लिए लोगों को जागरूक किया।