टाना भगतों को 50 प्रतिशत अनुदान पर दिया गया पंपसेट

कृषि झारखंड
Spread the love

  • किसानों के बीच 50 प्रतिशत अनुदान पर धान बीज का वितरण

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। टाना भगतों को 50 प्रतिशत अनुदान पर पंपसेट दिया गया। स्थानीय नगर भवन में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो, उप विकास आयुक्त अखौरी शशांक सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल, कृषि पदाधिकारी शिव कुमार राम समेत अन्य उपस्थिति थे। इस अवसर पर 36 किसान को 50 फीसदी अनुदान पर बीज भी उपलब्‍ध कराया गया।

ससमय धान बीज नहीं मिलने से नुकसान

कार्यक्रम में मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि पूर्व के वर्षों में किसानों को ससमय धान का बीज नहीं मिलने से नुकसान होता था। समय पर धान का बीचड़ा नहीं छींटने से रोपाई लेट से होता था। इसका असर फसल उत्पादन पर पड़ता था। धान का बीज जुलाई या अगस्त प्रथम में मिलने से बीज का दुरुपयोग होता था। पहले धान का कम मूल्य किसानों को मिलता था, लेकिन अब किसानों को सरकार 20.50 रुपये प्रति किग्रा की दर से धान लैम्पस में खरीद कर रही है। आनेवाले समय में किसानों को और बेहतर सुविधाएं खाद, बीज, सिंचाई के साधन उपलब्ध कराये जाएं।

बिजली बिल के बकाये पर दंड नहीं

डॉ उरांव ने कहा कि सरकार ने किसानों को लॉकडाउन में भी छूट दे रखा था। ना ही उन्हें कृषि कार्यों से रोका गया और ना ही कृषि उत्पादन बेचने से। किसानों को इसका फायदा मिला। किसानों को सरकार अधिकतम फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रही है। कैबिनेट में निर्णय लिया गया है कि अब बिजली बिल के बकाये पर दंड/पेनाल्टी की वसूली नहीं की जाएगी। उन्‍होंने लोगों से कोरोना टीका लेने की अपील भी की।

समय पर मिल रहा धान का बीज

राज्यसभा सांसद ने कहा कि किसानों को धान का बीज समय से मिल रहा है। इसके लिए इस जिले के उपायुक्त और राज्य सरकार दोनों बधाई के पात्र हैं। उन्‍होंने राज्य सरकार एवं मंत्री से किसानों को हर संभव मदद उपलब्‍ध कराने का आग्रह किया।

किसान प्रतिनिधि नवल शाहदेव द्वारा कोरोना काल में नुकसान झेल रहे किसानों के लिए बाजार भी उपलब्ध कराने की  मांग की। साथ ही, मकई, मूंगफली एवं उरद का बीज भी समय पर उपलब्ध कराने की मांग रखी।

कार्यक्रम में लाभुक सरिता टाना भगत ने कहा कि पहली बार समय से धान का बीज दिया जा रहा है। इससे फसल को बहुत फायदा होगा। टाना भगतों को सिचाईं के लिए पम्पसेट  दिया जा रहा है। सरकार के द्वारा कई प्रयास किये जा रहे हैं जो किसानों के लिए उपयोगी हैं।

प्रचार-रथ को दिखायी गयी हरी झंडी

नगर भवन परिसर से कृषि कार्यालय की ओर से एक प्रचार रथ को सभी पंचायतों के लिए रवाना किया गया। इस प्रचार रथ के द्वारा ऑडियो के माध्यम से ‘बीज विनिमय एवं वितरण योजनांतर्गत 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज वितरण कार्यक्रम 2021-22’ के बारे जानकारी दी जाएगी। प्रचार रथ को डॉ रामेश्वर उरांव द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि अशोक यादव, आत्मा उप परियोजना निदेशक तृप्ति तिर्की समेत लाभुक उपस्थित थे।