राहतः कोरोना संक्रमण से 24 घंटे में झारखंड में कोई मौत नहीं, यहां मिले इतने नये मरीज

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। राहत भरी खबर यह है कि झारखंड में कोरोना की दूसरी लहर का कहर अब कुंद पड़ चुका है। सर्वाधिक प्रभावित जिले रांची व पूर्वी सिंहभूम में रविवार को 10-10 से भी कम नये मामले मिले।

पूरे सूबे में कहीं से भी कोरोना से मौत की सूचना नहीं है। रविवार को राज्य में 138 नये संक्रमित मिले और 181 लोगों ने कोरोना को मात दी। अब राज्य में 1596 सक्रिय मरीज हैं। रविवार को राजधानी रांची में आठ और पूर्वी सिंहभूम में कोरोना के सात मरीज मिले। संभवतः दूसरी लहर के परवान चढ़ने के बाद यह पहला दिन है, जब इन दोनों जिलों में नये मरीजों की संख्या एक दिन में दस से कम रही है।

इधर, धनबाद और पश्चिमी सिंहभूम में रविवार को अधिक मरीज मिले हैं। पश्चिमी सिंहभूम में 32 व धनबाद में 27 मरीज मिले। रविवार को झारखंड में यही दो जिले ऐसे रहे, जहां नये मरीजों की संख्या दस से अधिक रही। झारखंड के गोड्डा, पाकुड़, लातेहार व सरायकेला में रविवार को एक भी संक्रमित नहीं मिले हैं। राज्य के 17 जिलों में नये मिलने वाले मरीजों की संख्या पांच या इससे कम रही है।

धनबाद व पश्चिमी सिंहभूम को छोड़ रांची-8, पूर्वी सिंहभूम-7, चतरा-9, हजारीबाग-8 व बोकारो-6 ऐसे जिले हैं, जहां नये मरीजों की संख्या पांच से दस के बीच में रही। बेशक, नये मरीजों की संख्या रांची में कम रही है, लेकिन सक्रिय केस के मामले में रांची पहले पायदान पर है। यहां फिलहाल 506 सक्रिय मामले हैं। इसके बाद पूर्वी सिंहभूम में 185, हजारीबाग में 125 व सिमडेगा 120 सक्रिय मामले हैं।

अन्य जिलों के अतिरिक्त अन्य जिलों में सक्रिय मरीजों की संख्या सौ से कम है। पाकुड़ में सिर्फ एक सक्रिय मरीज बचा है।