425 महिला समूह को ट्रैक्टर और रोटावेटर अनुदान पर दे रही झारखंड सरकार

कृषि झारखंड
Spread the love

  • महिला समूह को सशक्‍त कर बनाएंगे स्वावलंबी : बादल

रांची। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार कई कदम उठा रही है। इसी दिशा में राज्य की 425 महिला समूह को ट्रैक्टर और रोटावेटर 80 प्रतिशत अनुदान पर दिया जा रहा है। इसकी शुरुआत रांची से की जा रही है। वह 14 जून को जेएएमटीटीसी परिसर में कृषि यांत्रिकीकरण प्रोत्साहन योजना अंतर्गत मिनी ट्रैक्टर एवं सहयोगी कृषि यंत्र के वितरण समारोह में बोल रहे थे।

महिला समूह को कृषि क्षेत्र से जोड़ा जा रहा

कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के किसानों से जुड़ी कई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। बीज, खाद वितरण के साथ कृषि यांत्रिकीकरण पर भी जोर दिया जा रहा है। राज्य सरकार प्रथम चरण में उत्कृष्ट महिला समूह को 425 ट्रैक्टर और रोटावेटर दे रही है। इन कृषि यंत्रों के लिए 4 लाख रुपये सरकार द्वारा अनुदान स्वरूप दिए जा रहे हैं। महिला समूह की ओर से करीब सवा लाख रुपये दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि कृषि यंत्र सभी प्रखंडों में जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में वितरित किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी 4 साल में 24 लाख कृषि से जुड़े लोगों को सहायता पहुंचाने का लक्ष्य है। महिलाओं को सशक्‍त करने की दिशा में छोटे-छोटे महिला समूह को कृषि क्षेत्र से जोड़ा जा रहा है।

इंश्योरेंस और रजिस्ट्रेशन कराया गया है

जेएएमटीटीसी के कार्यपालक निदेशक आरपी सिंह ने बताया कि जिन महिला समूह को ये ट्रैक्टर दिया जा रहे हैं, उन्हें पूरी तरह से प्रशिक्षित किया गया है। उन्हें ड्राइविंग की भी ट्रेनिंग दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी ट्रैक्टर का एक साल का इंश्योरेंस और रजिस्ट्रेशन कराया गया है। जल्द ही पूरे प्रदेश स्तर पर चयनित महिला समूह के बीच भी वितरण किया जायेगा। कार्यक्रम में डीएससीओ अंजनी कुमार मिश्र, एससीओ अनिल कुमार सहित महिला समूह की लाभुक उपस्थित थे।