कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने मनाया विरोध दिवस

कृषि झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। संयुक्त किसान सभा के आह्वान पर अखिल भारतीय आंदोलन के तहत बोकारो जिले के गोमिया अंचल अंतर्गत डुमरी बिहार में किसानों ने अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में विरोध दिवस मनाया। तीन कृषि कानून की प्रतियां जलाई। प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य संयुक्त सचिव श्याम सुंदर महतो एवं अखिल भारतीय किसान सभा के गोमिया अंचल सचिव विनय महतो ने किया। उपस्थित किसानों ने तीन कृषि कानून वापस लो, किसान विरोधी केंद्र सरकार मुर्दाबाद, कृषि को पूंजीपतियों के हवाले करना बंद करो, किसान विरोधी केंद्र सरकार हाय हाय के नारे लगाये।

प्रदेश संयुक्‍त सचिव ने कहा कि केंद्र सरकार देश की कृषि को पूंजीपतियों के हाथों सौंप देना चाहती है। अगर ऐसा हुआ तो पूरा देश अनाज के लिए पूंजीपतियों पर निर्भर हो जाएगा। उनके रहमोकरम पर देश निर्भर होगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश को फिर से गुलामी के रास्ते पर ले जा रही है। देश के किसान इसे किसी कीमत पर होने नहीं देंगे।

किसान सभा के अंचल सचिव ने कहा हम केंद्र सरकार के कृषि विरोधी, किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ देश की खेती और देश के किसानों को बजाने के लिए संघर्ष के मैदान में जाने को तैयार हैं। इस कार्यक्रम में किसान नेता लखन महतो, सहदेव महतो,पुरन मांझी, रघुनाथ सिंह, भोला सिंह, भीम महतो समेत अन्‍य किसान शामिल थे।