झुंड से बिछड़े हाथी ने दंपती को कुचल कर मार डाला, नाराज ग्रामीणों ने उठाया ये कदम

झारखंड
Spread the love

जामताड़ा। झुंड से बिछड़े एक हाथी ने दंपती की जान ले ली। घटना रविवार की सुबह करीब 4 बजे की है। जानकारी के अनुसार जामताड़ा जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के मालडीहा गांव के बाजोपाड़ा में आज सुबह 4 बजे किसान जियालाल पंवरिया और उनकी पत्नी सोनामोनी टुडू खेत जाने ले लिए तैयार होकर घर से निकले थे।

उसी समय दरवाजे के पास झुंड से बिछड़े हाथी ने दोनों को पटक-पटक कर मार डाला। अपने ही दरवाजे पर दोनों की जान चली गयी। इस मार्मिक घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी। इस घटना से ग्रामीण वन विभाग के प्रति काफी उत्तेजित हो गए।

दो की मौत की खबर सुन वन विभाग की रेंजर प्रतिमा कुमारी, बीडीओ मुकेश बाउरी और थाना प्रभारी सुमन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। जैसे ही गांव में अधिकारी पहुंचे। ग्रामीणों ने वन विभाग की अधिकारी प्रतिमा कुमारी को घेर कर बंधक बना लिया। घंटों उन्हें बंधक बनाकर रखा। बीडीओ व थाना प्रभारी के बहुत समझाने के बाद ही ग्रामीणों ने रेंजर प्रतिमा कुमारी को छोड़ा।

मृतक के परिजन को सभी तरह की सरकारी सुविधा का लाभ देने के आश्वासन पर ही ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों का कहना था कि मालडीहा के बाजोपाड़ा में पिछली बार भी जंगली हाथी ने तीन लोगों को कुचलकर मार डाला था।