दाल के स्‍टॉक की जानकारी नहीं देने वाले व्‍यापारियों पर होगी कार्रवाई

झारखंड बिज़नेस
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के पंडरा स्थित बाजार समिति के सभागार में दाल व्यापारी एवं मिलर की बैठक अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में 3 जून को हुई। इसमें गुप्ता ने कहा कि भारत सरकार द्वारा जारी पोर्टल पर दाल का स्टॉक प्रतिदिन सभी व्यापारी उपलब्ध कराएंगे।

एसडीओ ने बाजार समिति के सचिव अभिषेक आनंद को निर्देश दिया कि‍ जि‍न व्यापारियों द्वारा अभी तक उक्त पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं किया गया है, उन्हें आवश्यक सहयोग करते हुए सबों का रजिस्ट्रेशन कराना सुनिश्चित करें। साथ ही, स्टॉक की अद्यतन जानकारी प्रति दिन रांची बाजार समिति को उपलब्ध करायें।

अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि‍ दाल की स्टॉक की जानकारी सभी दाल व्यापारी को देना अनिवार्य है। जिनके द्वारा स्टॉक की जानकारी नहीं दी जाएगी, उनपर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विदित हो विगत कुछ दिनों पूर्व अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा एक पत्र के माध्यम से सभी दाल व्यापारी/मिलर को स्टॉक संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के संबंध में पूर्व में निर्देशित किया गया है। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी शब्बीर अहमद, पणन सचिव अभिषेक आनंद, रांची चैंबर ऑफ कॉमर्स के शंभू गुप्ता, संजय माहुरी, संतोष सिंह, हरी कनोडिया सहित सभी दाल व्यापारी उपस्थित थे।