रांची में 29 मई से 18+ के लिए 38 केंद्रों पर वैक्सीनेशन

झारखंड सेहत
Spread the love

  • प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र में टीकाकरण का प्रचार-प्रसार करने का निर्देश

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में 29 मई से 18+ लोगों के लिए 38 केंद्रों पर वैक्‍सीनेंशन होगा। उप विकास आयुक्त विशाल सागर ने रांची में चल रहे वैक्सीनेशन कार्य की समीक्षा 27 मई को की। बैठक में सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार, डीआरसीएचओ शशि भूषण खलखो, एडीएम नक्सल रामवृक्ष महतो और डॉ दीपंकर उपस्थित थे।

वैक्सीनेशन की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने बताया कि रांची जिला में और टीकाकरण केंद्र खोले जाने हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीकाकरण का लाभ दिया जा सके। उन्होंने बताया कि 29 मई, 2021 से रांची जिला में 10 और 18+ वैक्सीनशन सेंटर शुरू होंगे। इस तरह सक्रिय टीकाकरण केंद्रों की संख्या जिले में 38 हो जाएगी। डीडीसी ने बताया कि रांची जिला प्रशासन 100 टीकाकरण केंद्र शुरू किए जाने पर विचार कर रहा है।

10 और टीकाकरण केंद्र के लिए उप विकास आयुक्त ने मैन पावर नियुक्त करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया।

रांची जिला में चल रहे विभिन्न 45+ के टीकाकरण केंद्रों में जहां कम लाभार्थी आ रहे हैं, वहां संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को अपने स्तर से टीकाकरण का प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बीडीओ अपने क्षेत्र में मुखिया एवं प्रबुद्ध लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित करें, ताकि लोगों में जागरुकता आए।

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने मोबाइल वैक्सीनेशन की भी समीक्षा की। जल्द ही राज्य सरकार द्वारा मोबाइल वैक्सीनेशन की शुरुआत की जाएगी।

जिले के विभिन्न टीकाकरण केंद्रों में टीके की आवश्यकता की भी समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने वैक्सीन के वेस्टेज को कम करने का भी निर्देश दिया।