वज्रपात का कहर, तीन मनरेगा मजदूर की मौत, चार घायल

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। जिले के गोमिया प्रखंड की चुटे पंचायत में वज्रपात ने गुरुवार को कहर ढाया। इसकी चपेट में आने से तीन मनरेगा मजदूरों की मौत हो गई। चार घायल हो गये। घायलों को सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों का हाल लेने विधायक डॉ लंबोदर महतो भी अस्‍पताल पहुंचे।

जानकारी के अनुसार तुलसी महतो मनरेगा योजना अंतर्गत कुआं निर्माण का कार्य करा रहे थे। अचानक मौसम का मिजाज बदला। बारिश होने लगी। वहां काम कर रहे सभी मजदूर बचने के लिए एक मचान के नीचे चले गए। इस दौरान तेज आंधी और बारिश के बीच वज्रपात हुआ। इसमें उक्त तीनों लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पंचायत के दंडरा गांव के चैयाटांड निवासी तुलसी महतो (50), उसकी पत्नी कनकी देवी (45) और कौशल्या देवी (55) की मौत हो गयी। चार अन्य मजदूर घायल हो गए। इसमें विशेश्वर महतो, किशुन सिंह, लालमन और महेश महतो शामिल है। सभी घायलों को गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी हेलन बारला ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। सूचना मिलते ही विधायक गोमिया विधायक लंबोदर महतो, बीडीओ कपिल कुमार, थाना प्रभारी आशीष खाखा सहित अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। घायलों का हाल जाना। प्रशासन तीनों मृतकों के पोस्टमार्टम की तैयारी में जुट गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों का पंचनामा तैयार किया जा रहा है, ताकि उनका पोस्टमार्टम कराया जा सके। विधायक ने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने की बात कही है। कहा कि मृतक के परिजनों को सरकार द्वारा मुआवजा भी दिया जाएगा।

आपके अपने न्‍यूज वेबपोर्टल ‘दैनिक भारत 24’ द्वारा स्‍थानीय मौसम केंद्र के सहयोग से लोगों को बारिश और वज्रपात की जानकारी लगातार कुछ घंटों पहले दी जाती है। स्थिति के मद्देनजर लोगों सावधान और सतर्क रहने की अपील की जाती है। उन्‍हें बताया जाता है कि वज्रपात की आशंका को देखते हुए वे एहतियात बरते। सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। पेड़ के नीचे नहीं रहें। बिजली के खंभों से दूर रहें। खेतों में नहीं जाएं। मौसम सामान्य होने का इंतजार करें।