सुबोध जायसवाल ने सीबीआई निदेशक का पद संभाला

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्‍ली। सुबोध कुमार जायसवाल ने सीबीआई के निदेशक का पदभार ग्रहण 26 मई को किया। वे भारतीय पुलिस सेवा के महाराष्ट्र कैडर के 1985 बैच के अधिकरी हैं। इससे पूर्व वह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे।

वे अंग्रेजी (ऑनर्स), अर्थशास्त्र एवं राजनीति शास्त्र में स्नातक एवं बिजनेस मैनेजमेंट में स्नातकोत्तर (एमबीए) हैं। उन्‍होंने एसपी (गडचिरोली, औरंगाबाद एवं उस्मानाबाद), डीआईजी, प्रभारी विशेष जांच दल (एसआईटी), अपर पुलिस आयुक्त, आतंकवाद निरोधी दस्ता, मुम्बई, अपर पुलिस आयुक्त, मध्य क्षेत्र, मुम्बई, पुलिस महानिरीक्षक, अमरावती क्षेत्र और पुलिस आयुक्त, बृहन मुम्बई सहित कई पद पर रहते हुए अपने कैडर में सेवाएं दी। वे सीआईएसएफ के महानिदेशक का पद धारण करने के पहले फरवरी, 2019 से लेकर लगभग 2 वर्ष तक महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक रहे।

उन्‍होंने सहायक पुलिस महानिरीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक के तौर पर विशेष सुरक्षा ग्रुप (SPG) के साथ अपने 6 वर्ष के कार्यकाल के दौरान भारत के प्रधानमंत्री के निकट सुरक्षा टीम में अपनी सेवाएं दी। जून, 2008 से 2018 तक 10 वर्षों के लिए विभिन्न पदों पर मंत्रिमंडल सचिवालय (भारत सरकार) में भी सेवाएं दी। आतंकवाद का मुकाबला-Counter Terrorism (Left Wing Extremism), वीवीआईपी सुरक्षा आदि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में लंबा अनुभव है।

उन्‍हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक 2009, सराहनीय सेवा के लिए भारतीय पुलिस पदक 2001, आंतरिक सुरक्षा पदक (भारत सरकार), विशेष सेवा पदक (महाराष्ट्र सरकार) एवं असाधारण सुरक्षा सेवा प्रमाण पत्र (एएसएसपीपी) मिला। पदभार संभालने के बाद उन्‍हें सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने जानकारी दी।