लोहा पुल क्षतिग्रस्त, प्रबंधन बड़े हादसे का कर रहा इंतजार

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। जिले के गोमिया कथारा प्रक्षेत्र के स्वांग कोलियरी बिजली घर के सामने बना लोहे का पुल जर्जर और क्षतिग्रस्त हो गया है। हजारों की आबादी के लिए यही पुल आने जाने का रास्ता है। मजदूर से लेकर जनप्रतिनिधि तक ने पुल की मरम्मत और चौड़ीकरण करने की बात प्रबंधन से की। हालांकि उनकी नहीं सुनी गई।

बीते दिन आरसीएमएस के राष्ट्रीय महामंत्री रामेश्वर सिंह फौजी ने मजदूरों की शिकायत पर प्रबंधन से बात की थी। तब प्रबंधन और सेफ्टी के अधिकारी ने निरीक्षण कर पुल को जल्द से जल्द बनाने का निर्देश दिया था। यहां के मजदूर नेता बैरिस्टर सिंह भी निरीक्षण में मौजूद थे। उस समय पुल का काम चालू भी हुआ। कुछ दिनों के बाद किसी कारणवश यह रुक गया।

ग्रामीण संजय पांडे ने बताया कि कई महीने से पुल का काम नहीं हो सका है। बरसो पुराना पुल है। पुल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। मजबूरी में लोग इसे पुल से होकर गुजरते हैं। लगता है प्रबंधन को बड़ी दुर्घटना का इंतजार है। हादसा होने के बाद शायद पुल की मरम्‍मत हो जाए।