कांग्रेस ने काला दिवस का किया समर्थन, भाजपा ने पलटवार

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का काला दिवस को समर्थन कर विरोध जताने पर भाजपा ने पलटवार किया। पार्टी के जिला अध्‍यक्ष मनीर उरांव ने कहा कि राज्‍य के वित्त व खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव के नेतृत्व में कांग्रेस कमेटी पूरे झारखंड की जनता को केवल गुमराह कर रही है। वह नहीं चाहते कि किसानों को फायदा हो। उन्हें अपने दायित्वों का एहसास नहीं है। आज पूरे भारत में झारखंड ही ऐसा प्रदेश है, जहां धान अधिप्राप्ति के बाद भी किसान अपने पैसे के लिए 6 महीने से तरस रहा है।

मंत्री रामेश्वर उरांव छोटे से जिले लोहरदगा से विधायक हैं। झारखंड सरकार में मंत्री हैं। वह भी किसानों के धान अधिप्राप्ति की राशि का भुगतान नहीं करा पाए हैं। किसान अपनी उपज को खेतों में सड़ाने पर मजबूर है। उनकी फसल का कैसे सही दाम मिले, कैसे फसल को बाजार उपलब्ध हो, इसे लेकर कोई चिंता नहीं है। झारखंड के किसानों के साथ कृषि ऋण के नाम पर भी छलावा किया गया। प्रदेश के किसानों के साथ किये वादे के अनुकूल कोई भी कार्य नहीं किए गए हैं। कुछ डुप्लीकेट किसान के समर्थन में अपनी राजनीति को बढ़ावा देना चाहते हैं। परंतु उनकी कार्यशैली ने पूरे प्रदेश में पोल खोल कर रख दी है।

जिला अध्‍यक्ष ने कहा कि उससे भी ज्यादा हास्यास्पद यह है कि राज्यस्तरीय बैठकों में मुख्यमंत्री भी कृषि और किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं दिखाई देते हैं। कृषि उपज को लेकर कांग्रेस कोटे से कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री मजाक करते हुए वीडियो में देखे जा सकते हैं। इससे पता चलता है कि झारखंड की कृषि एवं किसानों की चिंता कितनी है।