जल्‍द बदल सकती है सरकारी स्‍कूल के संचालन की समय सारणी

झारखंड
Spread the love

  • शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने छात्र हित में पूर्व ग्रीष्मकालीन व्यवस्था बहाल करने की उठाई मांग

रांची। झारखंड के सरकारी स्‍कूलों के संचालन की समय सारणी जल्‍द बदल सकती है। इसका भरोसा शिक्षा सचिव राजेश कुमार शर्मा ने दिलाया है। झारखंड प्रदेश शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने छात्र हित में गर्मी में स्‍कूलों के संचालन की पूर्व की व्‍यवस्‍था बहाल करने की मांग की है।

मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल 5 अप्रैल को शिक्षा सचिव एवं राज्य शिक्षा परियोजना (जेईपीसी) से विद्यालय के परिवर्तित नई समय सारणी में संशोधन को लेकर मिला। इसके अतिरिक्त शिक्षा मंत्री, निदेशक प्राथमिक शिक्षा, निदेशक माध्यमिक शिक्षा को ज्ञापन सौंपा। वर्तमान प्रातःकालीन विद्यालय समय अवधि पर विशेष वार्ता की।

सदस्‍यों ने कहा कि राज्य के बच्चे, अभिभावक एवं शिक्षक भीषण गर्मी के कहर से अभी से परेशान हैं। अपने बच्चों की बिगड़ती सेहत को लेकर चिंतित हैं। राज्य के कई विद्यालयों के बच्चों की तबीयत बिगड़ रही है। असेंबली में ही बेहोश हो जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें अपराह्न 1 बजे तक रोकना उनके स्वास्थ्य के प्रतिकूल है।

वार्ता के क्रम में निदेशक राज्य परियोजना ने कहा कि निर्देश के मुताबिक विद्यालय की समय सारणी में परिवर्तन किया गया है। उन्‍होंने वरीय पदाधिकारी को मोर्चा की भावनाओं से अवगत कराने की बात कही।

मोर्चा ने सचिव से छात्र हित में ग्रीष्मकालीन समय सारणी सुबह 6.30 बजे से 11.30 तक करने का आग्रह किया, ताकि बच्चे भीषण लू की चपेट में नहीं आएं। शिक्षा सचिव ने इसपर जल्द ही निर्णय लिए जाने की बात कही। ज्ञापन में दिए गए सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल में झारखंड प्रदेश शिक्षक संघर्ष मोर्चा के संयोजक मंडली के सदस्य विजय बहादुर सिंह, अमीन अहमद, अरुण कुमार दास, शैलेंद्र सुमन, प्रेम प्रसाद राणा, मंगलेश्वर उरांव, अजय कुमार, सुनील कुमार, पंकज कुमार, राकेश श्रीवास्तव, अरुण कुमार, जीवन नाथ तिवारी, अवधेश कुमार राम, सुभाष कुमार के साथ प्रगतिशील शिक्षक संघ के आनंद कुमार साहू, कयामुद्दीन, ज्ञानचंद्र साहू, शंकर लकड़ा, जीवरा उरांव आदि शामिल थे।