रांची सदर अस्पताल की बड़ी उपलब्धि, मिला लक्ष्य सर्टिफिकेशन

झारखंड सेहत
Spread the love

  • बिना शर्त लक्ष्य सर्टिफिकेशन हासिल करने वाला राज्य का पहला जिला अस्पताल

रांची। रांची जिला के लिए अच्छी खबर है। सदर अस्पताल को लक्ष्य सर्टिफिकेशन हासिल हो गया है। सदर अस्पताल के लेबर रूम और मैटरनिटी ऑपरेशन थिएटर में उपलब्ध सुविधाएं लक्ष्य कार्यक्रम के तय मानक के अनुसार हैं।

झारखंड में अव्वल रांची सदर अस्पताल

सदर अस्पताल रांची राज्य का पहला जिला अस्पताल है, जिसे बिना किसी शर्त के लेबर रूम और मैटरनिटी ऑपरेशन थिएटर के लिए लक्ष्य सर्टिफिकेशन हासिल हुआ है।

शानदार रहा सदर अस्पताल का स्कोर

लक्ष्य प्रमाणिकता के लिए 30 मार्च, 2021 को भारत सरकार के 2 सदस्यीय टीम द्वारा सदर अस्पताल के लेबर रूम और मैटरनिटी ऑपरेशन थिएटर में उपलब्ध सुविधाओं का वर्चुअल एसेसमेंट किया गया था। इसमें सदर अस्पताल की तैयारी काफी अच्छी पाई गई थी। लेबर रूम के लिए सदर अस्पताल को 83.48% और मैटरनिटी ऑपरेशन थिएटर के लिए 85.8% अंक मिले।

उपायुक्त रांची ने पूरी टीम को दी बधाई

रांची उपायुक्त छवि रंजन ने सदर अस्पताल की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ज़िला अस्पताल में लक्ष्य कार्यक्रम के अनुरूप मेटरनिटी ऑपरेशन थिएटर और लेबर रूम में सभी सुविधाएं उपलब्ध है, जिससे भविष्य में बेहतर सुविधा लोगों को मिल पाएगी।

केंद्र सरकार चला रहा लक्ष्‍य कार्यक्रम

आपको बताएं कि सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए देशभर में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा लक्ष्य (LaQshya) कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत शिशु के जन्म के समय प्रसव कक्षों में देखभाल की गुणवत्ता बेहतर करना है, ताकि मां एवं नवजात शिशु दोनों के ही जीवन पर कोई खतरा नहीं हो।