झारखंड : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष लक्ष्‍मण गिलुआ का कोरोना से निधन

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

चाईबासा। झारखंड भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुआ का कोरोना निधन हो गई। कोरोना से संक्रमित होने के बाद उन्‍हें जमशेदपुर स्थित टाटा के अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद से उनकी हालत लगातार बिगड़ी रही थी। उन्‍होंने गुरुवार सुबह अंतिम सांस ली।

गिलुआ के अलावा उनके परिवार के लोग भी कोरोना से संक्रमित हैं। उनका इलाज भी अस्‍पताल में चल रहा है। स्‍व. गिलुआ झारखंड के कोल्‍हान के दिग्‍गज आदिवासी नेता थे। वे दो बार सिंहभूम लोकसभा सीट के सांसद रह चुके हैं। चक्रधरपुर विधानसभा से दो बार विधायक चुने गये थे।

उनका जन्‍म 20 दिसंबर, 1964 को हुआ था। उनका राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ से गहरा नाता था। प्रदेश अध्‍यक्ष रहने के दौरान ही वे पिछला लोकसभा चुनाव हार गये थे। वे अपने पीछे पत्‍नी, दो बेटे और एक बेटी सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गये। उनके निधन पर भाजपा के वरिष्‍ठ नेताओं ने शोक जताया है।

भाजपा विधायक दल के नेता और झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने गिलुवा के निधन पर गहरा शोक जताते हुए लिखा- पूर्व सांसद व झारखंड भाजपा के पूर्व अध्यक्ष लक्षमण गिलुआ जी का निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। इनका यूं चला जाना पूरे राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें व परिजनों को साहस प्रदान करें।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुआ के निधन का दुःखद समाचार मिला।उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और उनके परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।