एमपीडब्‍ल्‍यू कर्मचारी संघ ने 15 जनवरी से हड़ताल पर जाने की दी धमकी

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड एमपीडब्‍ल्‍यू कर्मचारी संघ ने 15 जनवरी से हड़ताल पर जाने की धमकी दी है। संघ ने कर्मचारियों के स्थाईकरण, वेतन वृद्धि समेत 8 मांगें विभाग और सरकार के समक्ष रखी है। खूंटी के सदर अनुमंडल पदाधिकारी को निलंबित करने की मांग की है। इसकी जानकारी मुख्‍यमंत्री, स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री, अपर मुख्‍य स्‍वास्‍थ्‍य सचिव, अभियान निदेशक, राज्‍य मलेरिया कार्यक्रम पदाधिकारी को दी है।

संघ के अध्‍यक्ष पवन कुमार ने कहा है कि वह रेफरल अस्पताल तोरपा में पदस्थापित है। वह अपने कर्तव्‍य का निवर्हन करते हुए श्री हरि उच्च विद्यालय में रुके हुए अर्धसैनिक बलों का सैंपल ले रहे थे। इस बीच सदर अनुमंडल पदाधिकारी, खूंटी निरीक्षण के क्रम में वहां पहुंचे। पहुंचते ही गाली गलौज करते हुए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किये। कहा कि, तुम नेता बनते हो। तुम्हारा नेतागिरी निकाल देंगे। जिंदगी खराब कर देंगे। ज्यादा उड़ोगे तो इस बार एफआईआर नहीं, बल्कि (बट) से मरवाऊंगा। उस समय उसके सहकर्मी बिरेन्द्र कुमार महली, रामदेव माझी और तोरपा अंचल अधिकारी भी उपस्थित थे। सबों के बीच सार्वजनिक रूप से जलील किया।

पवन ने कहा है कि वह झारखंड एमपीडब्‍ल्‍यू कर्मचारी संघ के साथ-साथ झारखंड अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पदधारी भी हैं। संघ के अध्यक्ष के नाते सहकर्मियों की बात और मांगो को सरकार और विभाग तक पहुंचाते हैं। इस क्रम 6 जनवरी, 2022 को कर्मचारियों के स्थाईकरण, वेतन वृद्धि समेत और 8 मांगों का ज्ञापन विभाग और सरकार को सौंपा है। इसपर अभी किसी प्रकार की ना तो पहल की गई और ना ही कोई कार्रवाई की गई है।

अध्‍यक्ष ने पत्र में लिखा है कि गाली-गलौज और जलील करने वाले सदर अनुमंडल पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से निलंबित किया जाए। मांगों पर अविलंब कारवाई की जाए। तीन दिनों कार्रवाई नहीं होने पर पूरे राज्‍य के एमपीडब्‍ल्‍यू कर्मचारी 15 जनवरी, 2022 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। सारे स्वास्थ्य कार्य भी ठप कर देंगे। कार्यालय में तालाबंदी कर दी जाएगी।