चिकित्सक और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर पर की गई प्राथमिकी दर्ज

झारखंड
Spread the love

  • दोनों ने प्रतिनियुक्ति स्थल पर नहीं दिया योगदान

रांची। जिला प्रशासन रांची द्वारा वैश्विक महामारी कोरोना की रोकथाम के लिए लगातार  प्रयास किए जा रहे हैं। कई ऐसे भी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी अपने कर्तव्य एवं दायित्व का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। कोरोना जैसी आपदा की घड़ी में वे प्रतिनियुक्ति स्थल पर अपनी सेवाएं देने से मुकर रहे हैं।

किस पर हुई प्राथमिकी

जिला प्रशासन ऐसे पदाधिकारियों एवं कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई कर रहा है। इस कड़ी में  चिकित्सक डॉ कीर्ति त्रिपाठी और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर पूर्णिमा बेक पर प्राथमिकी दर्ज की गई। डॉ त्रि‍पाठी का मूल पदस्थापन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, पिठोरिया, रांची है। पूर्णिमा बेक हेल्थ वेलनेस सेंटर, बालसिरिंग नामकुम प्रखंड में पदस्थापित हैं।

प्राथमिकी का कारण

इन दोनों की प्रतिनियुक्ति सदर अस्पताल रांची के डिस्ट्रिक्ट कोविड हेल्थ सेंटर में कई गई थी। इन दोनों ने अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर योगदान नहीं दिया। दोनों ने कार्य करने में अपनी असमर्थता जतायी, परंतु इनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 56 के अंतर्गत दोनों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भविष्य में भी होगी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने कहा कि सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी अपने प्रतिनियुक्ति स्थल/ कार्यस्थल पर पूरे मनोयोग से अपने कर्तव्य एवं दायित्वों का निर्वहन करें। आपदा प्रबंधन अधिनियम का उल्लंघन करने पर भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।