9 दिन बाद भी नहीं मिला कोरोना मरीज का शव, अब सभी झाड़ रहे पल्ला

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स के मॉर्चुअरी से गायब एक कोरोना संक्रमित का शव अब तक परिजनों को नहीं मिल पाया है। नौ दिन बीत जाने के बाद भी रिम्स प्रबंधन के पास इस संबंध में कोई जवाब नहीं है। हालांकि परिजनों ने इस संबंध में थाने में कोई भी शिकायत दर्ज नहीं कराई है। चूंकि मृतक के सभी परिजन कोरोना पॉजिटिव हैं।

मृतक के दामाद सुधीर कुमार ने बताया कि काफी छानबीन के बाद भी शव का पता नहीं चला। सभी अपने घर पर ही आइसोलेट हैं। परेशानी काफी बढ़ गई है। इधर रिम्स प्रबंधन से संपर्क करने पर उन्होंने इस संबंध में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। वहीं, बरियातू थाना प्रभारी सपन कुमार महथा ने बताया कि शव गायब होने के संबंध में किसी भी प्रकार की कोई सूचना थाने को नहीं दी गई है।

यहां बता दें कि मोरहाबादी के रहने वाले साधु शरण ठाकुर को 15 अप्रैल को रिम्स में भर्ती कराया गया था। वे कोरोना संक्रमित थे, तो रिम्स के डॉ सीबी शर्मा की यूनिट में भर्ती कराया गया था। भर्ती करने के बाद ही उनकी मौत हो गई थी। मौत के बाद परिजनों ने शव दो दिनों के बाद देने की बात कही थी। अब शव नहीं मिल पाया है और न ही कोई जानकारी। 19 अप्रैल को परिजनों ने रजिस्टर देखा था, तो ऐसा लग रहा है कि अस्पताल के कर्मचारियों ने शव किसी दूसरे व्यक्ति को सुपूर्द कर दिया है। वहां ना तो हस्ताक्षर है और ना ही शव प्राप्त करने का समय लिखा हुआ है। इसे दुर्भाग्य नहीं तो और क्या कहेंगे।