कोविड मरीजों के रूम के बाहर ही करना है बेड हेड टिकट डिसप्ले

झारखंड
Spread the love

  • मरीज की बीमारी में हो रहे सुधार की प्रगति का पता चल सकेगा

रांची। सदर अस्पताल रांची डिस्ट्रिक्ट कोविड हेल्थ सेंटर में कोविड-19 मरीजों के रेगुलर चेकअप की मॉनिटरिंग के लिए एक नया दिशा निर्देश जारी किया गया है। सेंटर में प्रतिनियुक्त संयुक्त शिक्षा सचिव गरिमा सिंह ने यह दिशा निर्देश जारी किया है।

इस निर्देश के अनुसार सभी कोविड मरीजों के रूम के बाहर उनके स्वास्थ्य की स्थिति के संबंध में विभिन्न मानकों का प्रदर्शन किया जाएगा। समय-समय पर चिकित्सकों एवं नर्सों के द्वारा रेगुलर चेकअप किया जाएगा। चेकअप के उपरांत पेशेंट की हिस्ट्री के बारे में और उनके हेल्थ स्टेटस के बारे में विभिन्न हेल्थ पैरामीटर्स को बेड हेड टिकट (BHT) के माध्यम से बाहर क्लिपबोर्ड पर प्रदर्शित किया जाएगा।

रेगुलर चेकअप की होगी मॉनिटरिंग

कोरोना मरीजों के रूम के बाहर क्लिपबोर्ड में प्रदर्शित बेड हेड टिकट (BHT) से पेशेंट के हेल्थ पैरामीटर और रेगुलर चेकअप के संबंध में जरूरी जानकारी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पदाधिकारियों को मिलती रहेगी। इस प्रकार डॉक्टर और नर्स ने कितनी बार कोरोना मरीजों का चेकअप किया है, इसकी जानकारी भी प्राप्त हो सकेगी।

मरीजों के अटेंडेंट भी जान पाएंगे स्थिति

इस व्यवस्था के तहत कोविड मरीजों के परिजन/अटेंडेंट भी संबंधित मरीज की बीमारी के सुधार के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।