Jharkhand : आज से लगातार बारिश के साथ होगा वज्रपात, इन ज‍िलों में असर

झारखंड मुख्य समाचार मौसम
Spread the love

रांची। झारखंड के विभिन्न जिलों में 19 मार्च से लगातार बारिश के साथ वज्रपात होने की आशंका है। इसके मद्देनजर येलो अलर्ट जारी क‍िया गया है। अगले 3 से 4 दिनों के दौरान दिन और रात के तापमान में कोई बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। यह जानकारी रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र ने शुक्रवार को जारी बुलेटिन में दी है।

केंद्र के मुताबिक 19 मार्च यानी आज राज्य के उत्‍तर-पश्चिमी और मध्य भागों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रहेंगे। मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं वज्रपात होने की भी आशंका है। इसका असर पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ आदि जिलों पड़ सकता है।

केंद्र के मुताबिक 20 मार्च को राज्य के उत्तरी, दक्षिणी और मध्य भागों में आंशिक बादल छाये रहेंगे। मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसका असर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह आदि जिलों में कहीं-कहीं पड़ सकता है। इस दिन राज्य में कहीं-कहीं गर्जन और वज्रपात होने की भी आशंका है।

इसी तरह 21 मार्च को राज्य के दक्षिणी भागों में आंशिक बादल छाये रहेंगे। कहीं-कहीं हल्की बारिश और मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की आशंका है। इसका असर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां जिलों के कुछ स्थानों पर पड़ सकता है।

केंद्र के मुताबिक 22 और 23 मार्च को मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा। इसके बाद 24 और 25 मार्च को आंशिक बादल छाये रहेंगे। मेघ-गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।